प्रेमी के साथ मिल पति की हत्या, अंतिम संस्कार में पत्नी ने बहाई घड़ियाली आँसू, डिलीट चैट से खुला राज

  • Post By Admin on Jul 06 2026
प्रेमी के साथ मिल पति की हत्या, अंतिम संस्कार में पत्नी ने बहाई घड़ियाली आँसू, डिलीट चैट से खुला राज

रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि वारदात को दुर्घटना या आत्महत्या का रूप देने के लिए पहले युवक को बेहोश किया गया और फिर नहर में फेंक दिया गया। शुरुआती जांच में मामला हादसा मान लिया गया था, लेकिन मोबाइल से रिकवर हुई डिलीट चैट और कॉल रिकॉर्ड ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, जड़थल गांव निवासी 21 वर्षीय मोनू 8 जून की शाम घर से दवा लेने की बात कहकर स्कूटी से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। 10 जून को आसलवास के पास नहर से उसका शव बरामद हुआ। शरीर पर चोट के निशान नहीं मिलने और स्कूटी नहर किनारे मिलने के कारण शुरुआती तौर पर इसे हादसा या आत्महत्या मान लिया गया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया और अंतिम संस्कार भी हो गया। इस दौरान पत्नी तन्नू अंतिम संस्कार और अन्य रस्मों में शामिल रही। परिजनों के अनुसार, उसने पूरे समय शोकग्रस्त होने का व्यवहार किया, जिससे किसी को उस पर संदेह नहीं हुआ।

मामले ने तब नया मोड़ लिया जब पुलिस द्वारा लौटाए गए मोनू के मोबाइल का सारा डाटा डिलीट मिला। परिजनों ने साइबर विशेषज्ञ की मदद से डाटा रिकवर कराया। इसमें तन्नू और मोनू के बीच हुई चैट तथा घटना वाले दिन 49 कॉल का रिकॉर्ड सामने आया। इससे परिवार को संदेह हुआ कि मामला सामान्य नहीं है। परिजनों ने पहले रस्में पूरी होने का इंतजार किया और फिर पुलिस अधिकारियों से मिलकर हत्या की आशंका जताई। उन्होंने मोबाईल से मिले डिजिटल साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे। इसके बाद पुलिस ने दोबारा जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में तन्नू ने स्वीकार किया कि उसने 8 जून को मोनू को मिलने के लिए बुलाया था। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे उसके प्रेमी सोनू और उसके साथियों हरिओम तथा अमन ने मोनू को पकड़ लिया, उसका मुंह और नाक दबाकर बेहोश किया और फिर नहर में फेंक दिया, ताकि मौत डूबने से हुई प्रतीत हो। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि घटना से एक दिन पहले तन्नू ने मोनू से वेतन लेकर आने के लिए कहा था। वेतन मिलने के बाद मोनू पैसे निकालकर उससे मिलने गया था। पुलिस का कहना है कि वारदात से पहले तन्नू लगातार अपने प्रेमी के संपर्क में थी।

रेवाड़ी पुलिस ने पत्नी तन्नू और आरोपी हरिओम को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी सोनू और उसका एक अन्य साथी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि मामले की जांच जारी है। अब तक मिले साक्ष्यों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।