सरकारी स्कूल में युवक की निर्मम हत्या, खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी

  • Post By Admin on Apr 10 2026
सरकारी स्कूल में युवक की निर्मम हत्या, खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी

गुरुग्राम : हरियाणा के गुरुग्राम जिले के हेलीमंडी स्थित एक सरकारी स्कूल परिसर में 20 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुक्रवार सुबह स्कूल परिसर के भीतर युवक का खून से लथपथ शव मिलने के बाद शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, जब राजकीय माध्यमिक विद्यालय, हेलीमंडी के शिक्षक और अन्य कर्मचारी सुबह स्कूल पहुंचे तो उन्होंने फर्श पर एक युवक का शव पड़ा देखा। चारों ओर खून फैला हुआ था। यह दृश्य देखकर स्कूल स्टाफ के होश उड़ गए और तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान 20 वर्षीय रवि के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ललितपुर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला बताया जा रहा है। वह स्कूल परिसर के भीतर किन परिस्थितियों में पहुंचा, इसकी जांच पुलिस कर रही है। शुरुआती जांच के मुताबिक युवक की हत्या सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थल को घेराबंदी कर सील कर दिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस स्कूल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक कब और किसके साथ स्कूल में दाखिल हुआ था। उधर, युवक के परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अब तक उनसे संपर्क नहीं हो पाया है। घटना की खबर फैलते ही स्कूल के बाहर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

पुलिस स्कूल स्टाफ और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश है या कोई अन्य कारण।पुलिस के अनुसार शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।