फरीदाबाद में 9 पाकिस्तानी और 4 अफगानी नागरिकों को मिली भारतीय नागरिकता, डीसी ने दिलाई संविधान की शपथ
- Post By Admin on Mar 26 2025

फरीदाबाद : फरीदाबाद में लंबे समय से भारतीय नागरिकता की प्रतीक्षा कर रहे 13 लोगों का सपना आखिरकार पूरा हो गया। जिला उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह ने सोमवार को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में 9 पाकिस्तानी और 4 अफगानी नागरिकों को भारतीय नागरिकता प्रदान की और उन्हें संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई।
इन नागरिकों को मिली भारतीय नागरिकता
भारत की नागरिकता पाने वालों में अफगानिस्तान से नरिंदर कौर, हेम चंद, कविता और शेरीराम शामिल हैं, जबकि पाकिस्तान से गुरमुख, शहजादी, अनार कली, दुर्गा देवी बागरी, अश्वर लाल महाराज, इंद्र राज बागरी, हरिंदर कौर, अमृत पाल और अबनाश कुमार को नागरिकता दी गई है। सभी ने वर्षों पहले नागरिकता के लिए आवेदन किया था और अब उन्हें भारत में स्थायी रूप से बसने का अधिकार मिल गया है।
संविधान के अनुपालन की दिलाई शपथ
डीसी विक्रम सिंह ने सभी नागरिकों को प्रमाण पत्र सौंपते हुए भारतीय संविधान के पालन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि भारत में हर नागरिक को समान अधिकार प्राप्त हैं और सभी का यह कर्तव्य है कि वे देश की एकता, अखंडता और मजबूती में सक्रिय योगदान दें। उन्होंने कहा कि नागरिकता लेने के बाद सभी लोगों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं को अपनाते हुए समाज में घुल-मिलकर रहना चाहिए।
डीसी ने दिए जरूरी निर्देश
डीसी विक्रम सिंह ने नए नागरिकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे भारत के सभी नियम-कायदों का पालन करें और शांति से जीवन यापन करें। साथ ही उन्होंने कहा कि समय-समय पर अपने दस्तावेजों की वैधता की जांच कराते रहें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
कहा - भारत में मिलेगा हर नागरिक को सम्मान
डीसी ने भरोसा दिलाया कि भारत हर धर्म, जाति और समुदाय के लोगों को बराबरी का अधिकार देता है। सभी नागरिकों को यहां सम्मान मिलेगा और उनका हरसंभव सहयोग किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान नागरिकता प्राप्त लोगों के चेहरे खुशी से खिले नजर आए।