पंजाब–हरियाणा का रिश्ता खून और भाईचारे का : नायब सिंह सैनी
- Post By Admin on Jan 15 2026
चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब और हरियाणा केवल पड़ोसी राज्य नहीं हैं, बल्कि दोनों का रिश्ता खून और भाईचारे का है। हरियाणा के लोग पंजाब से गहरा प्रेम करते हैं और जब भी पंजाब पर संकट आया है, हरियाणा ने छोटे भाई की तरह हरसंभव मदद की है। यही हमारी संस्कृति और संस्कार हैं।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी बुधवार को श्री मुक्तसर साहिब में आयोजित माघी मेले में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने श्री मुक्तसर साहिब की पवित्र धरा को नमन करते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक स्थल पर आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यह वही पावन भूमि है, जहां चालीस मुक्तों ने श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के चरणों में अपने प्राण अर्पित किए। यह धरती हमें सिखाती है कि मुक्ति केवल मृत्यु के बाद नहीं, बल्कि सत्य के मार्ग पर चलकर और अन्याय के खिलाफ खड़े होकर भी प्राप्त की जा सकती है। इस अवसर पर उन्होंने सभी को मकर संक्रांति पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
आपदा में हरियाणा ने दिया साथ, पंजाब सरकार पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हाल ही में पंजाब में आई प्राकृतिक आपदा के दौरान वहां की सत्तासीन सरकार जनता की पीड़ा के प्रति संवेदनशील नजर नहीं आई। उन्होंने आरोप लगाया कि आपदा के समय हरियाणा के लोगों ने पंजाब का साथ दिया, लेकिन वहां के मुख्यमंत्री कठिन घड़ी में कहीं नजर नहीं आए। उन्होंने कहा कि पंजाब की वर्तमान सरकार जनता से किए गए वायदों पर खरी नहीं उतरी है।
हरियाणा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान 217 वादों वाला संकल्प पत्र जारी किया गया था, जिनमें से एक वर्ष के भीतर 54 वादे पूरे किए जा चुके हैं और शेष 163 वादों पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद की जा रही है। किसानों को 48 घंटे के भीतर भुगतान किया जाता है और देरी होने पर ब्याज भी दिया जाता है।
पराली प्रबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों को कृषि यंत्रों पर सब्सिडी के साथ-साथ 1200 रुपए प्रति एकड़ की प्रोत्साहन राशि दे रही है, जबकि पंजाब में इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए।
किसानों, महिलाओं और जरूरतमंदों के लिए योजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार मकान मरम्मत के लिए 80 हजार रुपए की सहायता दे रही है। बहन-बेटियों के लिए लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपए मासिक सहायता प्रदान की जा रही है। किसानों के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, फसल खराबे के मुआवजे और प्राकृतिक आपदा में हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि हाल ही में बरसात से हुए नुकसान पर 5 करोड़ रुपए मुआवजा और फसल खराबे के लिए 116 करोड़ रुपए किसानों के खातों में डाले गए हैं। पिछले 11 वर्षों में किसानों को करीब साढ़े 15 हजार करोड़ रुपए की सहायता दी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों को 500 रुपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना के तहत चिरायु स्कीम से लोगों को बड़ा लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार से विकास की रफ्तार कई गुना बढ़ जाती है।
कई दिग्गज नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री श्री रवनीत सिंह बिट्टू, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री अनुराग ठाकुर, पंजाब भाजपा अध्यक्ष श्री सुनील जाखड़ सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। इस मौके पर भाजपा जनरल सेक्रेटरी श्री तरुण चुघ, कार्यकारी अध्यक्ष श्री अश्वनी शर्मा, चेयरमैन श्री इकबाल सिंह लालपुरा, पूर्व सांसद श्री अविनाश राय खन्ना, महारानी परनीत कौर, पूर्व मंत्री सरदार मनप्रीत सिंह बादल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।