दिनदहाड़े जिम संचालक की हत्या, 10 राउंड फायरिंग से दहला शहर
- Post By Admin on Jun 11 2026
हांसी : हरियाणा के हांसी शहर में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। फव्वारा चौक के पास अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एक जिम संचालक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उसकी हत्या कर दी। गोलीबारी की चपेट में आकर एक युवती भी घायल हो गई, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 5:30 बजे की है। जिम संचालक चौक के पास स्थित दुकानों के रैंप पर युवक-युवतियों को सुबह की एक्सरसाइज और वर्कआउट करवा रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और कुछ ही सेकेंड में करीब 10 राउंड फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों द्वारा चलाई गई कई गोलियां जिम संचालक के सिर और पीठ में लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग के दौरान वहां वार्म-अप कर रही शिखा नामक युवती भी छर्रे लगने से घायल हो गई। उसे तत्काल उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में देखा जा सकता है कि दोनों हमलावरों ने अपने चेहरे ढके हुए थे। एक बदमाश ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दूसरे ने कपड़े से अपना चेहरा छिपा रखा था। बाइक से उतरते ही एक आरोपी ने जिम संचालक पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं और वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। गोलीबारी के दौरान वहां मौजूद अन्य लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए और फॉरेंसिक टीम को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक जिम संचालक की कुछ समय पहले ही प्रेम विवाह हुआ था। हालांकि हत्या के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद शहर में भय और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।