शिवसोना में निर्माणाधीन आवासीय विद्यालय का डीएम ने किया निरीक्षण, कार्य में तेजी लाने के निर्देश
- Post By Admin on Apr 02 2026
लखीसराय: जिले में निर्माणाधीन शैक्षणिक परियोजनाओं की प्रगति को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में गुरुवार, 2 अप्रैल 2026 को जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने शिवसोना स्थित अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय विद्यालय के निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने भवन निर्माण कार्य की गति, गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा के अनुसार कार्य निष्पादन की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कार्यस्थल पर मौजूद भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता और संवेदक से अब तक किए गए कार्यों की जानकारी ली। कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी जताई और निर्माण कार्य में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि छात्राओं को जल्द से जल्द इस आवासीय विद्यालय का लाभ मिल सके। जिला पदाधिकारी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या मानकों से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर कार्य की निगरानी करने और समय-समय पर प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन को सुनिश्चित करने, श्रमिकों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा कार्यस्थल को व्यवस्थित बनाए रखने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि यह आवासीय विद्यालय क्षेत्र की छात्राओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जो उनकी शिक्षा और समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएगा।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि इस योजना को समय पर पूरा करना प्राथमिकता है, ताकि इसका लाभ निर्धारित समय पर छात्राओं तक पहुंच सके। निरीक्षण के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी राजीव रंजन कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।