लखीसराय में गैस को लेकर अलर्ट, कालाबाजारी रोकने को प्रशासन सख्त
- Post By Admin on Apr 02 2026
लखीसराय: जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मध्य पूर्व में जारी युद्ध के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के बीच प्रशासन ने कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्ती बढ़ा दी है।
जिला प्रशासन ने संभावित भीड़ और अफरातफरी को देखते हुए सभी प्रखंडों में विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की है। इसके तहत प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और संबंधित थानाध्यक्ष की संयुक्त त्रिसदस्यीय टीम गठित की गई है, जो लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर गैस की कालाबाजारी पर नजर रख रही है। 2 अप्रैल 2026 को जिले में कुल 6 स्थानों पर निरीक्षण भी किया गया। प्रशासन ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे लगातार छापेमारी और निगरानी करते हुए जिला पदाधिकारी को प्रतिवेदन सौंपें। किसी भी स्तर पर गड़बड़ी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही सभी एलपीजी वितरकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि किसी भी परिस्थिति में गैस सिलेंडर की जमाखोरी या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई एजेंसी या विक्रेता इस तरह की गतिविधि में संलिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आम जनता की सुविधा के लिए जिला स्तर पर समाहरणालय लखीसराय में एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। उपभोक्ता किसी भी प्रकार की शिकायत या समस्या के लिए दूरभाष संख्या 06346-232952 पर संपर्क कर सकते हैं। जिले में कुल 16 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं और वर्तमान में लगभग 5897 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू उपयोग के लिए गैस का पर्याप्त भंडार मौजूद है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।
इसके अलावा बड़हिया नगर परिषद एवं लखीसराय नगर परिषद क्षेत्र में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) द्वारा पाइप नेचुरल गैस (PNG) की आपूर्ति भी की जा रही है। जिन परिवारों ने अभी तक पीएनजी कनेक्शन नहीं लिया है, वे नोडल पदाधिकारी के मोबाइल नंबर 8565835550 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे गैस को लेकर घबराएं नहीं और अनावश्यक रूप से एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं। केवल जरूरत के अनुसार ही गैस प्राप्त करें। साथ ही केंद्र सरकार की व्यवस्था के तहत यह भी स्पष्ट किया गया है कि किसी भी घरेलू उपभोक्ता को पिछले सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक करने की अनुमति है। बुकिंग के 2 से 3 दिनों के भीतर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जिले में गैस की आपूर्ति सामान्य है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।