लखीसराय: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने लखीसराय स्थित ऐतिहासिक अशोकधाम में इन्द्रदमनेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत रुद्राभिषेक एवं पूजा-अर्चना की। पूजा के दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महाशिवरात्रि शिव और शक्ति के पावन मिलन का महापर्व है, जो साधना, संयम और आत्मचिंतन का संदेश देता है। उन्होंने लखीसराय सहित समस्त बिहारवासियों को पर्व की शुभकामनाएँ दीं। पूजा-अर्चना के उपरांत उपमुख्यमंत्री लखीसराय विधानसभा प्रधान कार्यालय पहुंचे, जहां आयोजित जन कल्याण संवाद कार्यक्रम में उन्होंने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और उनके त्वरित एवं समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के पारदर्शी और शीघ्र निपटारे को सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है तथा जनसेवा के प्रति सरकार पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, जिला महामंत्री सनोज साहू, अमरजीत प्रजापति, जिला प्रवक्ता मनोरंजन सिंह, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ संयोजक मंटू नटराज, जिला उपाध्यक्ष गौतम मंडल, चंदन यादव, मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा, नगर अध्यक्ष मुकुल सिंह सहित जिला प्रशासन के अधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।