खगड़िया के परबत्ता में पर्यावरण संरक्षण का संदेश, महाशिवरात्रि पर चला पौधारोपण अभियान
- Post By Admin on Feb 15 2026
खगड़िया: महाशिवरात्रि पर्व के शुभ अवसर पर 15 फरवरी 2026 को परबत्ता प्रखंड के बुद्धनगर, सौढ़ उत्तरी पंचायत (भरतखंड) में पर्यावरण भारती द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान देव वृक्ष पीपल के चार पौधे लगाए गए। पौधारोपण का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी आयूष कुमार ने किया।
पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण को जनअभियान बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि पर्यावरण संतुलन हेतु पृथ्वी पर कम से कम 33 प्रतिशत वन क्षेत्र अनिवार्य माना गया है, जबकि वर्तमान में यह अनुपात काफी कम हो चुका है। उन्होंने जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग और बढ़ती प्राकृतिक आपदाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए लोगों से अपने घरों के आसपास अधिकाधिक पेड़ लगाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। पर्यावरणविद शिक्षक सिद्धार्थ कुमार ने महाशिवरात्रि पर्व की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान भोलेनाथ को प्रकृति का देवता माना जाता है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर पीपल जैसे पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण वृक्षों का रोपण आस्था और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संगम है।
कार्यक्रम में शिक्षक सिद्धार्थ कुमार, आयूष कुमार, राम बिलास शाण्डिल्य, दयानंद महतों, सत्यम कुमार, अजय, सिद्धार्थ कुमार शर्मा, विजय, आयूषी कुमारी और विराट सहित अन्य लोगों ने भाग लिया। आयोजन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और वृक्षों के महत्व के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।