भाकपा नेता प्रमोद शर्मा का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, 16 फरवरी को जिला कार्यालय में अंतिम दर्शन
- Post By Admin on Feb 15 2026
लखीसराय: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के दिवंगत वरिष्ठ नेता कॉमरेड प्रमोद शर्मा का पार्थिव शरीर जैसे ही उनके पैतृक गांव सहूर पहुंचा, अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और स्थानीय ग्रामीणों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संघर्षपूर्ण जीवन और सामाजिक योगदान को स्मरण किया।
ग्रामीणों और पार्टी नेताओं ने कहा कि प्रमोद शर्मा का जीवन किसान, मजदूर और आम जन के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा। उनके निधन को पार्टी और जनआंदोलन के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया। उपस्थित लोगों ने उनके विचारों और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। पार्टी की ओर से जानकारी दी गई कि आम जनता के अंतिम दर्शन और अंतिम विदाई के लिए पार्थिव शरीर 16 फरवरी 2026 को प्रातः 9:00 बजे संतर मुहल्ला स्थित भाकपा जिला पार्टी कार्यालय, लखीसराय लाया जाएगा।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, लखीसराय ने कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करने और भावभीनी अंतिम विदाई देने की अपील की है।