संत रविदास बस्ती में विराट हिंदू सम्मेलन, सामाजिक व पारिवारिक मूल्यों पर जोर
- Post By Admin on Feb 15 2026
लखीसराय: शहर के पुरानी बाजार वार्ड संख्या 11 स्थित संत रविदास बस्ती में रविवार को विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षक बबलू कुमार ने की, जबकि संचालन दिनेश मल्लिक ने किया।
सम्मेलन का उद्घाटन विहिप के मुंगेर विभाग के पूर्व संयोजक गौतम कुमार मंडल, गुरुद्वारा ग्रंथि साहब सुरजीत सिंह और नगर कार्यवाह कविंद्र कुमार द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मुंगेर विभाग के शारीरिक शिक्षण प्रमुख मधुसूदन प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर के शहरों, बस्तियों और गांवों तक हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने परिवार व्यवस्था के संरक्षण, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संतुलन, स्वदेशी के प्रति आत्मनिर्भरता और नागरिक कर्तव्यों के पालन पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि कुटुंब प्रबोधन वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है, क्योंकि भारतीय समाज की मजबूती का आधार परिवार व्यवस्था है। पर्यावरण संरक्षण के संदर्भ में उन्होंने अधिकाधिक पेड़-पौधे लगाने की अपील की। साथ ही स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग और नागरिक संस्कारों के विकास पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में हरि नंदन, रुपेश कुमार, श्याम मोदी, संतोष कुमार, जितेन्द्र कुमार, शशि कुमार, उदय कुमार, मंतोष कुमार, अनिता कुमारी, बबिता कुमारी, लख्खी देवी, रुबी देवी, रीना देवी और उषा देवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सम्मेलन शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।