बिहार में कनेक्टिविटी होगी और मजबूत, ₹15 हजार करोड़ की सड़क योजनाएं जल्द होंगी शुरू
- Post By Admin on Jun 29 2026
पटना : बिहार में सड़क अवसंरचना को नई गति देने की दिशा में राज्य सरकार ने करीब 15 हजार करोड़ रुपए की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा है। पथ निर्माण विभाग ने राष्ट्रीय राजमार्ग, बाइपास, रेलवे ओवरब्रिज और पुल निर्माण से जुड़ी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर मंजूरी के लिए भेज दी है। स्वीकृति मिलने के बाद विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
प्रस्तावित योजनाओं के तहत समस्तीपुर, औरंगाबाद और बेतिया में नए बाइपास बनाए जाएंगे। वहीं, जयनगर में बाइपास के साथ कमला नदी पर दो नए पुलों के निर्माण की योजना है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से यातायात सुगम होगा और जिलों के बीच संपर्क बेहतर होने की संभावना है। इसके अलावा सफियासराय, डुमरांव, जहानाबाद और विक्रमगंज में रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण का भी प्रस्ताव तैयार किया गया है। पथ निर्माण विभाग का मानना है कि इन परियोजनाओं से ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
विभाग के अनुसार, डीपीआर में तीन प्रमुख सड़क परियोजनाओं को भी शामिल किया गया है। इनमें लगभग 89 किलोमीटर लंबा अरवल–बिहारशरीफ मार्ग, करीब 146 किलोमीटर लंबा मसरख–चकिया–भिट्ठा मोड़ मार्ग तथा बरबीघा–पंजवारा मार्ग के साथ सतीघाट पुल निर्माण परियोजना शामिल है। इन तीनों परियोजनाओं की अनुमानित लागत हजारों करोड़ रुपए आंकी गई है। पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य राज्य में बेहतर सड़क संपर्क विकसित करना और लोगों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है। केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने के बाद परियोजनाओं पर तेजी से काम शुरू किया जाएगा।