कविता की गूंज और नन्हीं प्रतिभाओं के सम्मान के साथ संपन्न हुआ मुजफ्फरपुर पुस्तक मेला
- Post By Admin on Jun 28 2026
मुजफ्फरपुर : चार दिनों तक ज्ञान, साहित्य और संस्कृति का केंद्र बने मुजफ्फरपुर पुस्तक मेले का रविवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में अंतरराष्ट्रीय कवयित्री अंकिता सिन्हा के प्रभावशाली एकल काव्य पाठ, स्थानीय कवियों की प्रस्तुतियों तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं के सम्मान ने आयोजन को यादगार बना दिया।
आदर्श छात्रावास, कलमबाग रोड स्थित वातानुकूलित सभागार में आयोजित इस पुस्तक मेले का आयोजन समय इंडिया (ट्रस्ट), नई दिल्ली, पुस्तक मेला समिति (रजि.), नई दिल्ली एवं प्रज्ञा रिसर्च एसोसिएशन (प्राण), रांची के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। समापन समारोह में समय इंडिया (ट्रस्ट) के प्रबंध न्यासी चंद्र भूषण ने मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय कवयित्री अंकिता सिन्हा का स्वागत किया।
अंकिता सिन्हा ने अपने एकल काव्य पाठ में वीर रस, प्रेम, श्रृंगार और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। उनकी प्रभावशाली प्रस्तुति को सभागार में मौजूद साहित्य प्रेमियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा। समारोह में हास्य कवि आमिर हमजा के साथ सविता राज, मुस्कान और नंदिनी कुमारी सहित स्थानीय कवियों ने भी हास्य, व्यंग्य और संवेदनाओं से भरपूर रचनाओं का पाठ कर साहित्यिक माहौल को जीवंत बनाए रखा। इस अवसर पर पुस्तक मेले के दौरान आयोजित चित्रकला, कविता, कहानी वाचन, गायन एवं नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र, पुस्तकें और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
चार दिवसीय पुस्तक मेले में हजारों पुस्तक प्रेमियों ने विभिन्न प्रकाशनों की पुस्तकों का अवलोकन किया और साहित्य, प्रतियोगी परीक्षाओं, इतिहास, धर्म, संस्कृति, बाल साहित्य तथा व्यक्तित्व विकास से संबंधित पुस्तकों की खरीदारी की। कवि सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और रचनात्मक प्रतियोगिताओं ने मेले को एक सफल साहित्यिक महोत्सव का स्वरूप दिया। आयोजकों ने बताया कि झारखंड–बिहार पुस्तक मेला परिक्रमा का अंतिम चरण अब समस्तीपुर में आयोजित होगा। 2 से 5 जुलाई तक वहां चार दिवसीय पुस्तक मेले के साथ इस बहुचर्चित ज्ञान यात्रा का समापन किया जाएगा।