पुल मरम्मती का निरीक्षण, जाम से निजात के लिए वन-वे यातायात व्यवस्था लागू

  • Post By Admin on Jan 01 2026
पुल मरम्मती का निरीक्षण, जाम से निजात के लिए वन-वे यातायात व्यवस्था लागू

लखीसराय : जिले के दरियापुर स्थित पुल पर लगातार बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए आज जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र और पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार ने स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुल की चौड़ाई, दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही, आवागमन की गति और आमजन को हो रही असुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने पाया कि सीमित चौड़ाई और दोनों दिशाओं से एकसाथ वाहनों के आवागमन के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे स्थानीय नागरिकों, स्कूली बच्चों, मरीजों और दैनिक यात्रियों को काफी परेशानी हो रही थी।

इस समस्या के समाधान के लिए जिला पदाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से पुल पर वन-वे (एकतरफा) यातायात प्रबंधन लागू करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने बताया कि निश्चित अंतराल पर एक ही दिशा से वाहनों का परिचालन होगा, उसके बाद दूसरी दिशा को आवागमन का मौका दिया जाएगा। इस व्यवस्था से दोनों दिशाओं के यात्रियों को क्रमबद्ध और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा जाम की स्थिति में काफी राहत मिलेगी।

पुल पर यातायात नियंत्रण और व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाएगा। पुलिस बल वाहन चालकों को दिशा-निर्देश देंगे और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को तुरंत नियंत्रित करेंगे।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे वन-वे व्यवस्था में सहयोग करें, धैर्य बनाए रखें और पुलिस एवं प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, ताकि सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।