लखीसराय में सड़क सुरक्षा पर मंथन, जाम और दुर्घटनाओं में कमी के लिए डीएम के निर्देश
- Post By Admin on Feb 16 2026
लखीसराय: समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में 16 फरवरी 2026 को जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करना और आम नागरिकों की सुरक्षा को सुदृढ़ करना रहा।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने शहर में जाम की समस्या की विस्तृत समीक्षा करते हुए प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों में यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और अनियंत्रित वाहन परिचालन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।हेलमेट और सीट बेल्ट जांच अभियान को नियमित एवं सघन रूप से चलाने पर जोर दिया गया। साथ ही ओवरलोडिंग, तेज गति, नशे में वाहन चलाने तथा प्रदूषण जांच (पीयूसी) प्रमाणपत्र की अनिवार्यता पर विशेष बल दिया गया। ब्लैक स्पॉट की पहचान और उसके परिमार्जन की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने दुर्घटना संभावित स्थलों का विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। ऐसे स्थलों पर चेतावनी संकेतक, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर, स्ट्रीट लाइट एवं आवश्यक संरचनात्मक सुधार शीघ्र कराने को कहा गया। सड़क दुर्घटनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित विभागों को त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को सुदृढ़ करने, एम्बुलेंस सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। हिट एंड रन मामलों की समीक्षा में पीड़ितों को नियमानुसार शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने तथा लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। बैठक में iRAD एवं eDAR पोर्टल पर दुर्घटना संबंधी सूचनाओं की शत-प्रतिशत और समयबद्ध प्रविष्टि सुनिश्चित करने पर बल दिया गया, ताकि डेटा आधारित योजना बनाकर प्रभावी कदम उठाए जा सकें। गुड सेमेरिटन (राह-वीर) योजना के तहत सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले नागरिकों को चिन्हित कर उन्हें प्रोत्साहित करने का भी निर्णय लिया गया। जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने कहा कि सड़क सुरक्षा एक सामूहिक जिम्मेदारी है और सभी विभागों के समन्वित प्रयास से ही दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने जनजागरूकता अभियान चलाने तथा विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर सड़क सुरक्षा संबंधी कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) अजीत कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, एमवीआई प्रतीक कुमार, नगर परिषद लखीसराय, बड़हिया एवं सूर्यगढ़ा के कार्यपालक पदाधिकारी तथा पथ निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।