मुजफ्फरपुर जंक्शन परिसर में मंदिर पुनर्निर्माण की मांग तेज, कार सेवा का आह्वान

  • Post By Admin on Feb 16 2026
मुजफ्फरपुर जंक्शन परिसर में मंदिर पुनर्निर्माण की मांग तेज, कार सेवा का आह्वान

मुजफ्फरपुर: जिले स्थित रेलवे जंक्शन परिसर में पूर्व में हटाए गए मंदिरों के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता दिख रहा है। इस मुद्दे पर स्थानीय भक्त अनिल कुमार द्वारा कार सेवा का आह्वान किया गया है।

जानकारी के अनुसार, अनिल कुमार ने 7 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर जंक्शन परिसर में विगत वर्ष हटाए गए मंदिरों के पुनर्निर्माण हेतु हस्तक्षेप की मांग की थी। पत्र में 9 फरवरी तक कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आत्मदाह की चेतावनी भी दी गई थी। बताया जाता है कि 10 फरवरी को अनिल कुमार ने आत्मदाह का प्रयास किया, जिसे जिला प्रशासन और रेल प्रशासन की सतर्कता से रोका गया। इसके बाद अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के साथ वार्ता हुई, जिसमें संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया गया था।

हालांकि, अनिल कुमार का आरोप है कि आश्वासन के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। इसी के विरोध में उन्होंने मंदिर पुनर्निर्माण के समर्थन में जिलेभर में कार सेवा का आह्वान किया है। अनिल कुमार ने कहा कि मंदिर का निर्माण उसी स्थल पर किया जाएगा, जहां पूर्व में संरचनाएं हटाई गई थीं। उन्होंने श्रद्धालुओं से तन, मन और धन से सहयोग की अपील की। साथ ही, उन्होंने प्रशासनिक कार्यवाई को लेकर असंतोष भी व्यक्त किया। मामले को लेकर रेलवे प्रशासन या जिला प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सकी है। स्थानीय स्तर पर यह मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है और विभिन्न पक्षों की निगाहें अब प्रशासनिक पहल एवं संभावित समाधान पर टिकी हुई है।