BRABU और VKSU पर निगरानी का शिकंजा: करोड़ों के वित्तीय खेल की परतें खोलने की तैयारी, राजभवन पहुंचा पत्र
- Post By Admin on Sep 21 2026
पटना : बिहार सरकार के उच्च शिक्षा विभाग ने राज्य के दो प्रमुख विश्वविद्यालयों—बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (BRABU), मुजफ्फरपुर तथा वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय (VKSU), आरा—के वित्तीय कार्यकलापों की उच्चस्तरीय जांच कराने की बड़ी पहल की है। दोनों विश्वविद्यालयों में वित्तीय लेन-देन एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों के बाद अब निगरानी विभाग से जांच कराने की अनुशंसा की गई है। इस बाबत उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव अनुराग कौशल सिंह ने राज्यपाल सचिवालय (लोक भवन) के अपर सचिव को विधिवत पत्र भेजा है।
विभागीय पत्र के अनुसार, बिहार विधान परिषद सचिवालय से प्राप्त संदर्भ के आधार पर विधान परिषद की शिक्षा समिति ने दोनों विश्वविद्यालयों के वित्तीय कार्यकलापों की गहन जांच निगरानी विभाग से कराने की मजबूत अनुशंसा की थी। इस अनुशंसा पर संज्ञान लेते हुए माननीय उच्च शिक्षा मंत्री द्वारा लोक भवन, पटना से आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुरोध करने का निर्देश जारी किया गया।
जारी पत्राचार में राज्यपाल सचिवालय से आग्रह किया गया है कि शिक्षा मंत्री के निर्देश के आलोक में दोनों विश्वविद्यालयों के वित्तीय मामलों की निगरानी जांच सुनिश्चित कराने हेतु अग्रेतर कदम उठाए जाएं और विभाग को की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए। उच्च शिक्षा विभाग के इस कड़े रुख से दोनों विश्वविद्यालयों के प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है, क्योंकि जांच शुरू होने पर वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े कई अहम मामलों का खुलासा हो सकता है।