स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में जुटा दरभंगा प्रशासन, डीएम ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

  • Post By Admin on Jul 24 2026
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में जुटा दरभंगा प्रशासन, डीएम ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

दरभंगा: स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल, सुरक्षित एवं गरिमामय आयोजन को लेकर दरभंगा समाहरणालय में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 15 अगस्त के कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिला कल्याण पदाधिकारी को चयनित महादलित टोलों में झंडोत्तोलन कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय पर सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने विकास मित्रों एवं शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति भी समय से करने को कहा, ताकि सभी निर्धारित स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वजारोहण सुचारु रूप से संपन्न हो सके। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को लेकर जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता को नेहरू स्टेडियम का मैदान समतल कराने तथा जलजमाव और कीचड़ की समस्या पूरी तरह समाप्त करने का निर्देश दिया। वहीं नगर आयुक्त एवं कार्यपालक अभियंता को पोलो मैदान की साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा गया।

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी को राष्ट्रगान की प्रस्तुति एवं प्रभात फेरी के आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही नगर निगम क्षेत्र में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई, साज-सज्जा एवं माल्यार्पण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश नगर आयुक्त को दिया गया।जिलाधिकारी कौशल कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि राष्ट्रीय पर्व गरिमा, अनुशासन और उत्साह के साथ संपन्न कराया जा सके।