बिहार : बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल, कई आईएएस अधिकारियों का तबादला
- Post By Admin on Dec 30 2025
पटना : नए साल के आगमन से पहले बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा कदम उठाते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के कई वरिष्ठ अधिकारियों का व्यापक पैमाने पर तबादला कर दिया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार को अधिसूचना जारी कर दी।
जारी अधिसूचना के अनुसार, विजयलक्ष्मी एन को अपर मुख्य सचिव, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के पद से हटाकर अगले आदेश तक अपर मुख्य सचिव, योजना एवं विकास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही वे सचिव, बिहार राज्य योजना परिषद, पटना और परियोजना निदेशक, बिहार आपदा पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण सोसाइटी के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगी। वहीं बिहार राज्य पथ विकास निगम के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक को प्रभारी सचिव के रूप में डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग का दायित्व सौंपा गया है।
इसी क्रम में के. सेंथिल कुमार को प्रधान सचिव, योजना एवं विकास विभाग से स्थानांतरित कर प्रधान सचिव, गन्ना उद्योग विभाग बनाया गया है। वे सचिव, बिहार राज्य योजना परिषद और परियोजना निदेशक, बिहार आपदा पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण सोसाइटी के अतिरिक्त प्रभार में भी बने रहेंगे। कृषि विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार को प्रधान सचिव, ग्रामीण विकास विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है, जबकि वे जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभालते रहेंगे।
1997 बैच के आईएएस अधिकारी संजीव हंस को अगले आदेश तक अपर सदस्य, राजस्व परिषद बनाया गया है। नर्मदेश्वर लाल को प्रधान सचिव, कृषि विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है और वे भी जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे। वहीं विनय कुमार को प्रधान सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग नियुक्त किया गया है।
प्रशासनिक बदलाव के तहत अपर सदस्य, राजस्व परिषद प्रेम सिंह मीणा को आयुक्त, मुंगेर प्रमंडल बनाया गया है। डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव मनीष कुमार को आयुक्त, सारण प्रमंडल की जिम्मेदारी दी गई है। नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी को सचिव, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
राजस्व परिषद के सचिव गिरिवर दयाल सिंह को आयुक्त, तिरहुत प्रमंडल नियुक्त किया गया है, जबकि मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त अवनीश कुमार सिंह को भागलपुर प्रमंडल का आयुक्त बनाया गया है।
अधिसूचना के अनुसार, साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक महेन्द्र कुमार को खेल विभाग के विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। निलेश रामचंद्र देवरे को अगले आदेश तक विशेष सचिव, पर्यटन विभाग के पद पर पदस्थापित किया गया है।
इसके अलावा, राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक अमित कुमार पांडेय को प्रबंध निदेशक, बिहार चिकित्सा सेवाएं एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।