लखीसराय के दुर्गेशवरी दुर्गा मंदिर में विराट हिंदू सम्मेलन, सामाजिक समरसता पर जोर
- Post By Admin on Feb 14 2026
लखीसराय: शनिवार को नया बाजार स्थित गोपाल भंडार गली में अवस्थित दुर्गेशवरी दुर्गा मंदिर परिसर में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न बस्तियों से पहुंचे लोगों की उल्लेखनीय भागीदारी देखी गई।
सम्मेलन की अध्यक्षता प्रमोद कुमार ने की, जबकि संचालन मंदिर के पुजारी मोहन पांडे ने किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुंगेर विभाग के विभाग प्रचारक देवेंद्र जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में भारत की सांस्कृतिक परंपरा और सनातन धर्म की स्थायित्व शक्ति पर प्रकाश डाला। देवेंद्र जी ने कहा कि सदियों की चुनौतियों और ऐतिहासिक संघर्षों के बावजूद भारत में सनातन मूल्यों की निरंतरता बनी रही है। उन्होंने परिवार, समाज और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर देते हुए पंच परिवर्तन की अवधारणा को रेखांकित किया। उनके अनुसार सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी के प्रति आग्रह और नागरिक कर्तव्यों के निर्वहन जैसे विषय वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक हैं। वक्ताओं ने गांव-मोहल्लों में विभिन्न जाति-वर्गों के बीच सहयोग, संवाद और सहभागिता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। सम्मेलन के दौरान सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक जागरूकता से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में दिनेश जी, हरि जी, रामकुमार भदानी, बंटी कुमार, छोटू जी, रंजीत जी, हनी सिंह, चंदन जी, मोहन पांडे, सजन पांडे, गणेश जी, राजेश जी, डॉ. परमानंद जी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। आयोजन शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।