पिपरिया दियारा विद्यालय में 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

  • Post By Admin on Feb 05 2026
पिपरिया दियारा विद्यालय में 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

लखीसराय: महिला एवं बाल विकास निगम तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के संयुक्त तत्वावधान में बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत लखीसराय जिले के पिपरिया प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, पिपरिया दियारा में 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनय कुमार, हब के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक श्रीमती पूनम कुमारी तथा डालसा के अधिकार मित्र अजय कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर हब के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006 के तहत लड़कियों की न्यूनतम विवाह आयु 18 वर्ष तथा लड़कों की 21 वर्ष निर्धारित है। निर्धारित आयु से पूर्व विवाह कराना कानूनन अपराध है, जिसके अंतर्गत एक लाख रुपये तक का जुर्माना एवं दो वर्ष तक के कारावास का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह से बालिकाओं का बचपन, स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य प्रभावित होता है, इसलिए समाज को किसी भी स्थिति में बाल विवाह का समर्थन नहीं करना चाहिए। सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक श्रीमती पूनम कुमारी ने अपने संबोधन में बताया कि महिलाओं और किशोरियों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए जिले में सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित है, जहां घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे निःशुल्क सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने 181 हेल्पलाइन सहित अन्य टोल फ्री नंबरों, पीड़ित महिलाओं को मिलने वाली कानूनी सहायता सेवाओं तथा स्वच्छता प्रबंधन से जुड़ी जानकारियां भी साझा कीं।

डालसा लखीसराय से अधिकार मित्र अजय कुमार ने कहा कि बाल विवाह न तो व्यक्ति के हित में है और न ही समाज के। इससे बेटियां मानसिक और शारीरिक रूप से कमजोर हो जाती हैं और अपने भविष्य से जुड़े निर्णय स्वयं नहीं ले पातीं। उन्होंने अपील की कि बाल विवाह का सामाजिक बहिष्कार किया जाए। यदि कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिले तो चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर शिकायत दर्ज कराई जाए। वहीं कानूनी सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है। 

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनय कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम के अंत में बाल विवाह रोकथाम को लेकर सभी उपस्थित छात्राओं को सामूहिक रूप से शपथ दिलाई गई तथा स्वच्छता प्रबंधन किट्स का भी वितरण किया गया।