कोलकाता विश्वविद्यालय के पालि विभाग का शैक्षणिक भ्रमण, छात्रों ने लखीसराय संग्रहालय व पुरातात्विक स्थलों का किया अध्ययन
- Post By Admin on Feb 05 2026
लखीसराय: कोलकाता विश्वविद्यालय के पालि विभाग द्वारा आयोजित शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत छात्रों एवं शिक्षकों का एक प्रतिनिधिमंडल लखीसराय पहुँचा। यह भ्रमण विभागाध्यक्ष एवं प्राध्यापक के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक, बौद्धिक एवं बौद्ध विरासत से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना था। यह शैक्षणिक भ्रमण विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रम का अभिन्न हिस्सा बताया गया।
भ्रमण कार्यक्रम के तहत प्रतिनिधिमंडल ने बिहार के प्रमुख ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थलों का दौरा किया। इस क्रम में छात्रों ने विक्रमशिला, नालंदा, राजगीर और बोधगया सहित लखीसराय जिले के महत्वपूर्ण स्थलों का अवलोकन किया। लखीसराय प्रवास के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने लखीसराय संग्रहालय का भी भ्रमण किया, जहां जिले से प्राप्त दुर्लभ पुरावशेषों और ऐतिहासिक धरोहरों को नजदीक से देखने का अवसर मिला। लखीसराय संग्रहालय में प्रतिनिधिमंडल का मार्गदर्शन जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सह संग्रहालयाध्यक्ष मृणाल रंजन द्वारा किया गया। इस दौरान तकनीकी सहायक राजेश कुमार ने भी संग्रहालय से जुड़ी जानकारियां साझा कीं। संग्रहालय में प्रदर्शित मूर्तियों, पुरावशेषों और ऐतिहासिक सामग्रियों के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा, सांस्कृतिक विकास तथा क्षेत्रीय इतिहास की गहन समझ मिली।
भ्रमण के दौरान लखीसराय पर आधारित प्रदर्शित डॉक्यूमेंट्री ने छात्रों और शिक्षकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने इसे न केवल शिक्षाविदों बल्कि आम लोगों के लिए भी ज्ञानवर्धक और रोचक बताया। शैक्षणिक भ्रमण में शामिल छात्रों ने कहा कि इस प्रकार की यात्राएं पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर इतिहास और संस्कृति को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर देती हैं। कुल मिलाकर यह शैक्षणिक यात्रा विद्यार्थियों के लिए अकादमिक रूप से उपयोगी सिद्ध हुई और उन्हें भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का जीवंत अनुभव प्राप्त हुआ।