ज्वेलरी लूटकांड में पांच और गिरफ्तार, लूट के पैसों से खरीदी कार, चला रहे थे तस्करी
- Post By Admin on Jul 31 2026
मुजफ्फरपुर: कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर स्थित अमरपाली ज्वेलर्स में 12 जून को हुई करीब 70 लाख रुपये की ज्वेलरी लूट मामले में एसटीएफ और जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें दो आभूषण कारोबारी भी शामिल हैं, जिन पर लूट के गहने खरीदने और उन्हें गलाने का आरोप है। इस कार्रवाई के बाद मामले में अब तक कुल नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
ग्रामीण एसपी राजेश कुमार सिंह प्रभाकर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में लाइनर, हथियार सप्लायर और चोरी का सोना खरीदने वाले ज्वेलर्स शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से करीब 5 लाख रुपये मूल्य के 33.53 ग्राम सोने के आभूषण, लगभग 50 हजार रुपये की चांदी, एक लोडेड पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, दो बाइक, एक सेकेंड हैंड कार और 26,540 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपियों ने लूटे गए सोने को लालगंज के एक ज्वेलर्स से गलवाया और बाद में उसे एक स्टॉकिस्ट को बेच दिया। इसके बाद पुलिस ने संबंधित दुकान पर छापेमारी कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की। जांच में यह भी सामने आया कि लूट से मिले पैसों से आरोपियों ने एक सेकेंड हैंड कार खरीदी थी और उसका इस्तेमाल शराब तस्करी के धंधे में किया जा रहा था। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और मामले में कई नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि लूटकांड में शामिल कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही लूटे गए शेष आभूषणों की बरामदगी और पूरे गिरोह के नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।