फाइलेरिया मुक्त लखीसराय की ओर बड़ा कदम, आंगनबाड़ी केंद्रों पर मेगा कैंप का आयोजन

  • Post By Admin on Feb 11 2026
फाइलेरिया मुक्त लखीसराय की ओर बड़ा कदम, आंगनबाड़ी केंद्रों पर मेगा कैंप का आयोजन

लखीसराय : फाइलेरिया मुक्त भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से बुधवार को लखीसराय जिले के सभी प्रखंडों में आंगनबाड़ी केंद्रों पर सर्वजन दवा सेवन मेगा कैंप का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य विभाग के तत्वाधान में आयोजित इस अभियान का शुभारंभ लखीसराय प्रखंड के मोहसिना गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 164 पर जीविका दीदियों एवं उनके परिवारजनों की उपस्थिति में किया गया।

मेगा कैंप का उद्घाटन जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित महिलाओं और ग्रामीणों को फाइलेरिया से बचाव के लिए दवा सेवन का महत्व बताया और स्वयं भी दवा लेकर लोगों को प्रेरित किया।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिलेभर में कुल 1,160 आंगनबाड़ी केंद्रों पर मेगा कैंप लगाए गए, जहां लोगों को फाइलेरिया की दवा दी गई। फाइलेरिया उन्मूलन के लिए सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम 10 फरवरी 2026 से 27 फरवरी 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में जीविका से जुड़े समूह सदस्यों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष रूप से यह मेगा कैंप आयोजित किया गया।

इस अभियान के माध्यम से जीविका समूह की 89,935 से अधिक सदस्यों तथा समूह से जुड़ी महिलाओं के परिवार के 2 लाख से अधिक सदस्यों को फाइलेरिया की दवा खिलाई गई।

कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक जीविका श्रीमती अनीता कुमारी, डीपीओ आईसीडीएस श्रीमती वंदना, स्वास्थ्य एवं पोषण प्रबंधक जीविका श्री रंजन कुमार, क्षेत्रीय समन्वयक श्री संजय कुमार, सामुदायिक समन्वयक श्री संतोष कुमार समेत बड़ी संख्या में जीविका मित्र, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे और सभी ने स्वयं भी दवा सेवन कर अभियान में भागीदारी निभाई।