नाव हादसे में 3 की मौत, एसडीआरएफ चला रही सर्च ऑपरेशन

  • Post By Admin on May 28 2026
नाव हादसे में 3 की मौत, एसडीआरएफ चला रही सर्च ऑपरेशन

पटना : जिले के बाढ़ स्थित उमानाथ गंगा घाट पर गुरुवार सुबह बड़ा नाव हादसा हो गया। तेज हवा के बीच 14 लोगों को लेकर दियारा क्षेत्र की ओर जा रही एक छोटी नाव अचानक गंगा नदी में पलट गई। हादसे के बाद घाट पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। अब तक 3 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 7 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। वहीं 4 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। बाढ़ थानाध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह, एसडीएम गरिमा लोहिया, अंचलाधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह समेत कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंचकर नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद आसपास मौजूद नाविकों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं कई लोगों के नदी में डूब जाने की खबर से इलाके में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद उमानाथ गंगा घाट पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

प्रशासन की प्रारंभिक जांच में तेज हवा और नाव पर क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि छोटी नावों में जहां करीब 10 लोगों के बैठने की क्षमता होती है, वहीं कई बार 20 तक लोगों को बैठा दिया जाता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक सख्ती के अभाव में घाटों पर ओवरलोडिंग लगातार जारी रहती है, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है।

उमानाथ गंगा घाट बाढ़ क्षेत्र का सबसे व्यस्त घाट माना जाता है। यहां से प्रतिदिन करीब 20 नावें दियारा इलाके के लिए रवाना होती हैं। बड़ी संख्या में किसान और सब्जी विक्रेता नावों के जरिए दियारा क्षेत्र आते-जाते हैं। सब्जी कारोबार में जल्दबाजी और प्रतिस्पर्धा के कारण नावों पर अधिक लोगों के सवार होने की घटनाएं आम बताई जा रही हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी त्यागराजन और ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने बिना अनुमति और सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर चल रही नावों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने कहा है कि लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

*खबर में दी गई तस्वीर सांकेतिक है*