जियो का सुपर एंटरटेनमेंट ऑफर, कम कीमत में ओटीटी और लाइव टीवी की सुविधा

  • Post By Admin on May 27 2026
जियो का सुपर एंटरटेनमेंट ऑफर, कम कीमत में ओटीटी और लाइव टीवी की सुविधा

मुंबई : रिलायंस जियो ने मनोरंजन पसंद करने वाले ग्राहकों के लिए नया ओटीटी पास लॉन्च किया है। कंपनी के ₹200 वाले इस नए प्लान में ग्राहकों को 15 प्रीमियम ओटीटी प्लेटफॉर्म, 1000 से अधिक लाइव टीवी चैनल, 30 जीबी हाई-स्पीड डेटा और अनलिमिटेड 5जी इंटरनेट की सुविधा मिलेगी। इस पैक की वैधता 28 दिनों की होगी।

जियो के इस नए ओटीटी पास में यूट्यूब प्रीमियम, जियोहॉटस्टार मोबाइल प्लस हॉलीवुड और प्राइम वीडियो मोबाइल एडिशन जैसे बड़े प्लेटफॉर्म शामिल किए गए हैं। इसके अलावा सोनीलिव, ज़ी5, लायंसगेट प्ले, डिस्कवरी प्लस, सन एनएक्सटी, फैनकोड, कंच्छा लंका, प्लैनेट मराठी, चौपाल, होइचोई, टाइम्सप्ले और तरंग प्लस सहित कई अन्य ओटीटी सेवाओं का लाभ भी मिलेगा।

कंपनी के अनुसार ग्राहक जियोटीवी के जरिए स्टार, सोनी, सन टीवी और डिस्कवरी नेटवर्क के मनोरंजन, फिल्म, खेल और क्षेत्रीय चैनलों समेत 1000 से ज्यादा लाइव टीवी चैनल देख सकेंगे। इस ऑफर का लाभ उठाने के लिए ग्राहकों के पास पहले से सक्रिय जियो बेस प्लान होना जरूरी है। इसके बाद ग्राहक माय जियो ऐप, जियो की आधिकारिक वेबसाइट, रिटेल स्टोर या अन्य रिचार्ज प्लेटफॉर्म के माध्यम से ₹200 वाला ओटीटी पास सक्रिय कर सकते हैं। जियो का कहना है कि यह प्लान उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो एक ही रिचार्ज में इंटरनेट डेटा, लाइव टीवी और अलग-अलग ओटीटी प्लेटफॉर्म का मनोरंजन चाहते हैं।