लखीसराय : नगर परिषद क्षेत्र के नया टोला सलेमपुर में मुख्यमंत्री ग्राम पथ अनुरक्षण कार्यक्रम के तहत 35 लाख की लागत से पीसीसी (पुर्बी सीमेंट कंक्रीट) सड़क का निर्माण किया जा रहा था, लेकिन निर्माण कार्य के मात्र 24 घंटे बाद ही सड़क में दरारें पड़ने लगीं, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई है।

एनएच-80 से नया टोला सलेमपुर से चकशिवगंज तक किया जा रहा है और यह योजना कुल 0.700 किमी लंबी है। सड़क की चौड़ाई 12 फीट और ढलाई की मोटाई 5 इंच रखी गई है। निर्माण के बाद कई जगहों पर दरारें दिखाई दीं और जब इन दरारों को छिपाने के लिए लीपापोती की गई, तो भी दरारें ज्यों की त्यों बनी रही।

ग्रामीणों ने इस निर्माण कार्य में अनियमितताओं और खानापूर्ति का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया पर यह मुद्दा चर्चा का विषय बन गया और कई युवाओं ने प्रशासन से मामले की जांच करने की मांग की है।

ग्रामीण विकास के कार्यपालक अभियंता, आशुतोष कुमार ने इस मामले की जानकारी मिलने पर एक टीम भेजी और बताया कि पीसीसी ढलाई में सीमेंट की अधिक मात्रा के कारण हेयर क्रैक (सूक्ष्म दरारें) आ गई हैं। उन्होंने इस मुद्दे पर संवेदक से जवाब तलब करने की बात भी कही।

इस घटना ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और संवेदक की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि संवेदक ने गुणवत्ता की अनदेखी करते हुए खानापूर्ति का काम किया है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्यवाही करता है।