फाइलेरिया उन्मूलन के लिए सर्वजन दवा सेवन अभियान जारी, दवा सेवन अनिवार्य

  • Post By Admin on Aug 28 2024
फाइलेरिया उन्मूलन के लिए सर्वजन दवा सेवन अभियान जारी, दवा सेवन अनिवार्य

लखीसराय : जिले में फाइलेरिया से बचाव और उन्मूलन के लिए सर्वजन दवा सेवन अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले के स्कूल, कॉलेज और सरकारी कार्यालयों में बूथ लगाकर लोगों को दवा खिलाई जा रही है। सिविल सर्जन डॉ. बीपी सिन्हा ने बताया कि इस अभियान में आरबीएसके (राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम) की टीम महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है, जो हर बूथ पर निगरानी कर रही है और किसी भी तरह की परेशानी का तुरंत समाधान कर रही है।

डॉ. सिन्हा ने बताया कि दवा सेवन के बाद अगर किसी को मिचली, सिरदर्द, हल्का बुखार या चक्कर आ रहा है, तो यह इस बात का संकेत है कि व्यक्ति के शरीर में फाइलेरिया के परजीवी मौजूद थे जो अब मर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि दवा का सेवन कभी भी खाली पेट नहीं करना चाहिए, और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को यह दवा नहीं लेनी चाहिए।

जिला वेक्टर रोग नियंत्रण पदाधिकारी गौतम प्रसाद ने बताया कि जिले में 29 अगस्त तक यह अभियान जारी रहेगा। इसके बाद सात दिनों तक मॉप-अप राउंड चलाया जाएगा, जिसमें उन लोगों को दवा दी जाएगी जो इस अभियान के दौरान दवा लेने से वंचित रह गए थे।

दो साल से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रोग से पीड़ित व्यक्तियों को यह दवा नहीं खिलाई जानी चाहिए। दवा का सेवन स्वास्थ्य कर्मी की निगरानी में ही करना है।