मुजफ्फरपुर: कांटी विधानसभा क्षेत्र के रौतिनिया स्थित नगर निगम के कचरा डंपिंग यार्ड से उत्पन्न प्रदूषण और दुर्गंध की समस्या को लेकर प्रशासन सक्रिय हुआ है। विधायक ई. अजीत कुमार के अल्टीमेटम के बाद सोमवार को जिलाधिकारी कुमार गौरव ने डंपिंग यार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने समस्या के स्थायी समाधान का भरोसा देते हुए कहा कि अब वे स्वयं पूरे मामले की मॉनिटरिंग करेंगे। डीएम ने नगर निगम आयुक्त को एक अतिरिक्त ट्रॉमल मशीन लगाने, एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) प्लांट का काम जल्द शुरू कराने और कचरा निष्पादन की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ई. अजीत कुमार और स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी को बताया कि डंपिंग यार्ड के कारण आसपास के इलाकों में दुर्गंध और प्रदूषण की समस्या बनी हुई है। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने कई बच्चों के कुपोषण से प्रभावित होने और क्षेत्र में विभिन्न बीमारियों के मामले सामने आने की शिकायत भी की। इस पर डीएम ने स्वास्थ्य विभाग की टीम गठित कर प्रभावित इलाके में सर्वे कराने का निर्देश दिया, ताकि लोगों के स्वास्थ्य और बीमारियों से संबंधित स्थिति का आकलन किया जा सके।
विधायक ई. अजीत कुमार ने जिलाधिकारी से रौतिनिया डंपिंग यार्ड को गोद लेकर इसकी नियमित निगरानी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों से किए गए वादे को पूरा कराने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। विधायक के अनुसार, पूर्व में तत्कालीन जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन के कार्यकाल में भी इस समस्या को लेकर पहल हुई थी, लेकिन काम की गति अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही। उन्होंने विधानसभा की प्राक्कलन समिति और बीस सूत्री की बैठकों में भी इस मुद्दे को उठाया था। इसके बावजूद समाधान नहीं होने पर उन्होंने अल्टीमेटम दिया था।
विधायक ने वर्तमान जिलाधिकारी के निरीक्षण और मामले को गंभीरता से लेने को सकारात्मक पहल बताया। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो स्थानीय लोगों के साथ आंदोलन किया जाएगा।
डीएम ने नगर निगम आयुक्त को रेवा रोड से रौतिनिया पंचायत भवन तक जाने वाली सड़क का जीर्णोद्धार कराने, डंपिंग यार्ड के सामने स्थित पोखर की छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए सफाई एवं जीर्णोद्धार कराने और आसपास के क्षेत्रों में नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने का भी निर्देश दिया।
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में जिलाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि संबंधित एजेंसी की ओर से काम संतोषजनक ढंग से नहीं किया जा रहा है और कार्य की गति काफी धीमी है। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रधान सचिव से भी बात की जाएगी। डीएम ने दोहराया कि वे स्वयं पूरे मामले की निगरानी करेंगे और जल्द अतिरिक्त ट्रॉमल मशीन लगाने तथा एमआरएफ प्लांट का काम शुरू कराने की पहल की जाएगी।
वहीं, नगर निगम आयुक्त ने बताया कि डंपिंग यार्ड में कचरा प्रोसेसिंग का काम धीमी गति से चल रहा है। इस संबंध में मंगलवार को विभागीय बैठक में निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल वहां एक ट्रॉमल मशीन कार्यरत है और एक अतिरिक्त मशीन लगाई जाएगी। एमआरएफ प्लांट के काम की नियमित निगरानी होगी। आसपास के इलाकों में नियमित छिड़काव के लिए सीओ को नोडल पदाधिकारी बनाया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जदयू प्रखंड अध्यक्ष मो. शमीम, मनोज कुमार सिंह, अवधेश सिंह, मुकुंद कुमार, अंकेश ओझा, श्रीराम कुमार और इंदल साह सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।
















