लखीसराय के 12 मासूमों को मिलेगा नया जीवन, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत होगी मुफ्त सर्जरी

  • Post By Admin on Oct 28 2026
लखीसराय के 12 मासूमों को मिलेगा नया जीवन, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत होगी मुफ्त सर्जरी

लखीसराय : राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत जन्मजात विकृतियों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित बच्चों के स्वास्थ्य सुधार को लेकर स्वास्थ्य विभाग लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में लखीसराय जिले से कटे होंठ और तालु (क्लिफ्ट लिप एंड पैलेट) की समस्या से पीड़ित 12 बच्चों को निःशुल्क जांच, उपचार और आवश्यक सर्जरी के लिए कुर्जी अस्पताल, पटना भेजा गया है।

आरबीएसके के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों और सरकारी स्कूलों में '4डी' यानी जन्मजात दोष (Defects at Birth), विकासात्मक देरी (Developmental Delay), पोषण संबंधी कमियां (Deficiency) और बीमारियों (Diseases) की नियमित जांच की जाती है। बच्चों की स्वास्थ्य जांच को सुगम और प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक प्रखंड में चलंत चिकित्सा दल कार्यरत है, जिसमें दो आयुष चिकित्सक, एक फार्मासिस्ट और एक एएनएम शामिल रहते हैं।

जिले में इस योजना के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं, जहां अब तक हृदय रोग से पीड़ित 70 बच्चों का सफल निःशुल्क उपचार व सर्जरी कराई जा चुकी है। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान जिले में अब तक कुल 71,505 बच्चों की स्क्रीनिंग पूरी की जा चुकी है। इस जांच अभियान के दौरान जन्मजात दोषों से ग्रसित पाए गए 65 बच्चों की सफलतापूर्वक निःशुल्क सर्जरी भी कराई गई है। यह कार्यक्रम आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए जीवनदान साबित हो रहा है।