लखीसराय : गुजरात के वडोदरा में 21 से 25 नवंबर तक आयोजित होने वाली 45वीं जूनियर नेशनल खो-खो चैंपियनशिप (बालक एवं बालिका वर्ग) के लिए बिहार टीम के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार और जिला खो-खो संघ के संयुक्त तत्वावधान में 10 नवंबर को लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा स्थित 'एनएसएस ऑफ एजुकेशन' (NSS of Education) के खेल मैदान में राज्यस्तरीय ओपन सेलेक्शन ट्रायल का आयोजन किया जाएगा। खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव नीरज कुमार 'पप्पू' ने यह जानकारी साझा करते हुए बताया कि ट्रायल सुबह ठीक 7:00 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें पूरे बिहार से बालक और बालिका वर्ग के प्रतिभावान खिलाड़ी अपनी दावेदारी पेश करेंगे।
लखीसराय खो-खो एसोसिएशन के सचिव अमित सिंह राजपूत और एनएसएस के निदेशक सह आयोजन सचिव संजीत कुमार ने ट्रायल की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए बताया कि इसमें भाग लेने की प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क रखी गई है। चयन प्रक्रिया के मानकों के अनुसार, भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों का फिटनेस इंडेक्स 250 प्वाइंट के दायरे में होना जरूरी है और उनका खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया में विधिवत निबंधन होना अनिवार्य किया गया है।
आयु सीमा के तहत 25 नवंबर तक प्रतिभागियों की उम्र 18 वर्ष से कम होनी चाहिए। ट्रायल में शामिल होने वाले सभी खिलाड़ियों को अपने साथ मूल जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की मूल प्रति एवं दो-दो छायाप्रतियां तथा तीन पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा, ताकि दस्तावेजों की जांच के बाद उन्हें मैदान में उतरने की अनुमति दी जा सके।
*सांकेतिक तस्वीर*
















