लखीसराय : दीपावली के अवसर पर जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सूर्यगढ़ा प्रखंड स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) कैंप पहुंचे और जवानों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर त्योहार की खुशियां साझा कीं। उन्होंने जवानों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण और सेवा भावना की सराहना की।
इस मौके पर बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने भी दूरभाष के माध्यम से एसएसबी जवानों से बातचीत की और उन्हें दीपावली की बधाई दी। उन्होंने देश की सुरक्षा में जवानों के योगदान, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की प्रशंसा करते हुए उनके सुखद एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। डीएम शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि त्योहारों के समय परिवार से दूर रहकर देश और समाज की सुरक्षा में तैनात रहना जवानों के सेवा भाव और कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने जवानों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके प्रति आभार जताया।
एसएसबी कैंप के दौरे के बाद डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों के साथ सूर्यगढ़ा प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान रामपुर मानो पोखर घाट, पटेलपुर किऊल नदी घाट और वंशीपुर मैदानी चौकी किऊल नदी घाट की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय समितियों के सदस्यों से श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और साफ-सफाई को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी ली।
संबंधित अधिकारियों को घाटों पर समय से साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।जिला प्रशासन की ओर से दीपावली और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
















