होमी भाभा कैंसर अस्पताल में गो अप फाउंडेशन का आयोजन, तीमारदारों को मिले तनाव मुक्ति के गुर
- Post By Admin on Oct 09 2026
मुजफ्फरपुर : शारीरिक तंदुरुस्ती के साथ-साथ मानसिक संतुलन बनाए रखना वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है, विशेषकर उन लोगों के लिए जो गंभीर बीमारियों से जूझ रहे अपनों की देखभाल में लगे हैं। इसी उद्देश्य के तहत 10 अक्टूबर को मनाए जाने वाले विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र में गो अप फाउंडेशन की ओर से एक विशेष मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इस पहल का मुख्य मकसद कैंसर मरीजों के तीमारदारों को मानसिक तनाव, भय और अवसाद से बाहर निकालकर उन्हें मानसिक रूप से सशक्त और सकारात्मक बनाना था।
समारोह में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय से पधारे मुख्य वक्ता भास्कर भाई ने उपस्थित परिजनों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि मुश्किल परिस्थितियों में भी अपनी सोच को सदैव सकारात्मक रखना बेहद जरूरी है। शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को दुरुस्त रखने के लिए उन्होंने नियमित खान-पान, पर्याप्त नींद और समय पर जागने की दिनचर्या अपनाने की सलाह दी, क्योंकि मन स्वस्थ रहेगा तभी तन भी स्वस्थ रह सकेगा। उन्होंने इस बात पर भी विशेष बल दिया कि एक बीमार व्यक्ति की बेहतर देखभाल के लिए तीमारदार का मानसिक रूप से सशक्त और शांत रहना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही उन्होंने मन को शांत व स्थिर रखने के कई व्यावहारिक उपाय भी साझा किए।
सत्र के दौरान कई परिजनों ने अपनी मानसिक चिंताओं और तनाव की वजह से हो रहे शारीरिक कष्टों को साझा किया। इस पर वक्ताओं ने उन्हें ढांढस बंधाते हुए निराश न होने, सदैव आशावादी दृष्टिकोण बनाए रखने तथा ईश्वर पर विश्वास रखकर सब कुछ अच्छा होने का सकारात्मक भाव रखने के लिए प्रेरित किया। उपस्थित लोगों ने पूरे सत्र को बेहद एकाग्रता से सुना और शांति के लिए ध्यान भी लगाया। इस अवसर पर डॉ. गौरव, डॉ. तूलिका, डॉ. प्रतिभा, संस्था की निदेशिका पूनम शर्मा, कार्यक्रम संयोजक सुधा सिंह, पुष्पा गुप्ता, अलका शरण तथा माला सिन्हा समेत कई अन्य लोग उपस्थित रहे।