टीबी मुक्त भारत अभियान: लखीसराय में 'JOSH' टीम का गठन, 1066 वार्डों में घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवा
- Post By Admin on Oct 08 2026
लखीसराय : जिले को यक्ष्मा (टीबी) की बीमारी से पूरी तरह मुक्त करने के उद्देश्य से समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में गुरुवार को जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में ‘टीबी मुक्त भारत JOSH टीम’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान को जन-जन तक पहुंचाना और इसमें आमजन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि टीबी एक पूरी तरह से उपचार योग्य बीमारी है, बशर्ते समय पर इसकी पहचान, जांच और नियमित दवा का सेवन किया जाए। इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग और स्वयंसेवकों की टीम जिले के सभी 1066 वार्डों में घर-घर दस्तक देगी। माई वॉलंटियर वर्कर्स और स्थानीय स्वयंसेवकों के सहयोग से संदिग्ध मरीजों की पहचान कर उन्हें तुरंत जांच और समुचित इलाज से जोड़ा जाएगा। साथ ही, प्रारंभिक चरण के दौरान जन-जागरूकता गतिविधियों के तहत 100 टीबी मरीजों को पोषण सहायता के रूप में फूड बास्केट भी प्रदान किया जाएगा। लोगों को बीमारी और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देने के लिए ‘JOSH’ तथा ‘खुशी’ ऐप के उपयोग को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया गया।
शुभारंभ कार्यक्रम के पश्चात जिलाधिकारी ने जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की गहन समीक्षा की। समीक्षा के दौरान सिविल सर्जन ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों की शत-प्रतिशत बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित की जा रही है, जिस पर जिलाधिकारी ने उपस्थिति के आधार पर ही वेतन भुगतान की प्रक्रिया लागू करने और स्वास्थ्य प्रबंधन को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के कड़े निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में जिले की बड़ी उपलब्धियों को भी रेखांकित किया गया। नवजात शिशु को जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान कराने और बालिकाओं के टीकाकरण के क्षेत्र में लखीसराय पूरे बिहार में अव्वल रहा है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों की सराहना करते हुए इसे आगे भी बरकरार रखने को कहा। इसके अलावा, विगत छह माह से जिले में बाल विवाह का एक भी मामला सामने न आने पर उप विकास आयुक्त सुमित कुमार और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की गई। इस उच्चस्तरीय बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार तथा सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के कई प्रमुख अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।