कुपोषित बच्चों के उपचार और दिव्यांग बच्चों के पुनर्वास पर जोर, स्वास्थ्य विभाग ने की समन्वय बैठक
- Post By Admin on Nov 05 2026
लखीसराय : जिले में कुपोषित और गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे बच्चों की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, आईसीडीएस और बुनियाद केंद्र के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया है। गुरुवार को जिला स्वास्थ्य समिति कार्यालय में सिविल सर्जन की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की समन्वय बैठक आयोजित हुई। इसमें बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य जांच, उपचार और पुनर्वास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक आशा कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी सेविका अपने क्षेत्र से कम से कम एक अति कुपोषित बच्चे की पहचान करेंगी। ऐसे बच्चों को आरबीएसके (राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम) की टीम के माध्यम से पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराया जाएगा, ताकि उन्हें आवश्यक उपचार और पोषण संबंधी देखभाल मिल सके। बैठक में यह भी तय किया गया कि आशा कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी सेविकाएं मूक-बधिरता, कटे होंठ और तालू, हृदय में छेद, एनीमिया सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित बच्चों की पहचान करेंगी। आरबीएसके टीम के सहयोग से ऐसे बच्चों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल और जरूरत के अनुसार उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर कर उपचार सुनिश्चित कराया जाएगा।
शिक्षा विभाग से एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के तहत उपलब्ध कराई जाने वाली आयरन-फोलिक एसिड (आईएफए) गोलियों की जरूरत और खपत का आकलन करने का आग्रह किया गया, ताकि विद्यार्थियों को आवश्यकता के अनुसार गोलियां उपलब्ध कराई जा सकें। स्कूलों में बच्चों की स्वास्थ्य जांच को अधिक प्रभावी बनाने के लिए भी निर्देश दिए गए। आरबीएसके टीम के भ्रमण से एक दिन पहले संबंधित विद्यालय को सूचना दी जाएगी। इससे विद्यालय के नोडल शिक्षक स्वास्थ्य संबंधी समस्या वाले बच्चों को पहले से चिह्नित कर प्राथमिकता के आधार पर उनकी जांच करवा सकेंगे।
बैठक में बच्चों के उपचार के साथ उनके पुनर्वास पर भी चर्चा हुई। आरबीएसके टीम की जांच में जिन बच्चों में विकासात्मक देरी की समस्या सामने आएगी, उन्हें स्पीच थेरेपी, फिजियोथेरेपी और अन्य पुनर्वास सेवाओं के लिए बुनियाद केंद्र भेजा जाएगा। बैठक में बुनियाद केंद्र के डीपीएम अलंकार कुमार, वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट शंभू शरण, शिक्षा विभाग के डीईओ यदुवंशी राम, आईसीडीएस के डीपीओ धीरज कुमार, डीपीए सौरभ कुमार और डीसी कन्हैया कुमार सहित संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।