राष्ट्रीय चिन्तन दिवस पर पर्यावरण भारती द्वारा लगाए गए 21 पौधे
- Post By Admin on Aug 28 2024
लखीसराय: राष्ट्रीय चिन्तन (विचारशील) दिवस के अवसर पर पर्यावरण संतुलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, लखीसराय में आम और सेमल के 21 पौधे लगाए गए। इस अभियान का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी अंशुधर भारती ने किया।
इस अवसर पर पर्यावरण भारती के संस्थापक और पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक रामबिलास शाण्डिल्य ने कहा कि पहले केवल अमेरिका में राष्ट्रीय चिन्तन दिवस मनाया जाता था, लेकिन 2021 में इसे पहली बार भारत में मनाने की शुरुआत की गई। इसका उद्देश्य समाज में अच्छाई और सकारात्मकता का प्रसार करना है।
उन्होंने आगे कहा कि आज के समय में बच्चों को पौधारोपण और जरूरतमंदों की सेवा के लिए प्रेरित करना बेहद जरूरी है। रामबिलास शाण्डिल्य ने गोस्वामी तुलसीदास और महर्षि वेदव्यास के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि दूसरों की भलाई करना पुण्य का काम है, जबकि दूसरों को कष्ट देना पाप कर्म है। उन्होंने जोर दिया कि राष्ट्रीय चिन्तन दिवस पर हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि मानव सेवा ही ईश्वर सेवा है।
इस अवसर पर आयोजित पौधारोपण अभियान में आरजू बर्णवाल, रिजर्व बैंक से सेवानिवृत्त शैलेन्द्र कुमार सिंह, रोहित कुमार, शंभू प्रसाद, दिलीप कुमार, दीपक कुमार, राम मोहन रस्तोगी, अविनाश कुमार, रवि कुमार, अक्षत राज, रूपेश कुमार, और योगेश कुमार सहित कई अन्य लोग भी शामिल हुए।