10 फरवरी से फाइलेरिया उन्मूलन के लिए सर्वजन दवा सेवन अभियान शुरू

  • Post By Admin on Feb 04 2026
10 फरवरी से फाइलेरिया उन्मूलन के लिए सर्वजन दवा सेवन अभियान शुरू

लखीसराय : जिले में फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा बड़े स्तर पर सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 10 फरवरी 2026 से पूरे जिले में शुरू किया जाएगा, जिसके तहत सभी पात्र नागरिकों को दवा खिलाई जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त निर्देशों के अनुसार अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का व्यापक उपयोग किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जा सके। अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए ब्लॉक कोऑर्डिनेशन कमिटी एवं पंचायत स्तर पर मुखिया की अध्यक्षता में 5 से 6 फरवरी 2026 तक सभी प्रखंडों में बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया है।

जानकारी के अनुसार 11 फरवरी 2026 को सभी जीविका दीदियों के माध्यम से चयनित आंगनबाड़ी केंद्रों पर दवा का सेवन कराया जाएगा। वहीं जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में प्रतिदिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान की समीक्षा की जाएगी।

अभियान के तहत प्रत्येक प्रखंड में जनसंख्या और भौगोलिक क्षेत्र के अनुसार रैपिड रिस्पॉन्स टीम का गठन किया जाएगा, जिसमें सभी आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और मेडिकल कॉलेज पूरी तरह से सक्रिय रहेंगे।

जिले में निगरानी के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम की स्थापना की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में आशा कार्यकर्ताओं तथा शहरी क्षेत्रों में आंगनबाड़ी सेविकाओं के माध्यम से घर-घर जाकर दवा खिलाई जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिला और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे प्रतिदिन कम से कम 10 घरों का भ्रमण कर दवा सेवन की निगरानी करें और प्रत्येक दिन संध्या में समीक्षा बैठक आयोजित करें।

इस अभियान के दौरान पूरे जिले में कुल 11 लाख 14 हजार 234 (11,14,234) लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशासन का दावा है कि यह अभियान फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।