एक साल बाद मणिपुर में बनेगी नई सरकार, युमनाम खेमचंद सिंह को मिली कमान

  • Post By Admin on Feb 04 2026
एक साल बाद मणिपुर में बनेगी नई सरकार, युमनाम खेमचंद सिंह को मिली कमान

इंफाल : मणिपुर में राजनीतिक अनिश्चितता का दौर समाप्त होने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए भारतीय जनता पार्टी ने युमनाम खेमचंद सिंह को विधायक दल का नेता चुन लिया है। इसके साथ ही राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में खेमचंद सिंह का नाम लगभग तय हो गया है। मणिपुर में इस महीने 12 फरवरी को राष्ट्रपति शासन समाप्त होने जा रहा है, जिसके बाद नई सरकार का गठन किया जाएगा।

भाजपा विधायक दल की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक तरुण चुघ ने युमनाम खेमचंद सिंह को पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान मणिपुर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नॉर्थ ईस्ट के प्रभारी संबित पात्रा भी मौजूद रहे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, नई सरकार के गठन को लेकर भाजपा विधायकों का दल पहले ही दिल्ली पहुंच चुका था और शीर्ष नेतृत्व से विचार-विमर्श के बाद यह फैसला लिया गया।

गौरतलब है कि मणिपुर में पिछले वर्ष 13 फरवरी को तत्कालीन मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद राष्ट्रपति शासन लागू किया गया था। राज्य में लंबे समय से चल रही जातीय हिंसा और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के चलते केंद्र सरकार को यह कदम उठाना पड़ा था। इसके बाद से ही 60 सदस्यीय मणिपुर विधानसभा को निलंबित रखा गया था, जिसका कार्यकाल वर्ष 2027 तक है।

नई सरकार के गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा संसदीय बोर्ड ने तरुण चुघ को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। इससे पहले दिसंबर माह में मणिपुर भाजपा विधायक दल की बैठक दिल्ली में आयोजित हुई थी, जिसमें राज्य की शांति बहाली, हिंसा और राजनीतिक स्थिरता जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की गई थी।

इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह, विधानसभा अध्यक्ष थोकचोम सत्यव्रता सिंह समेत 34 से अधिक भाजपा विधायक मौजूद थे। साथ ही भाजपा संगठन महामंत्री बीएल संतोष, संबित पात्रा और प्रदेश अध्यक्ष शारदा देवी भी शामिल रहीं।

अब युमनाम खेमचंद सिंह के नेतृत्व में मणिपुर में नई सरकार के गठन से राज्य में राजनीतिक स्थिरता लौटने और शांति बहाली की उम्मीद जताई जा रही है।