महिलाओं के स्वास्थ्य और एनीमिया पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
- Post By Admin on Sep 10 2025

लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम लखीसराय के तत्वाधान में संकल्प हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन के सहयोग से मंगलवार को महिलाओं के स्वास्थ्य और एनीमिया जैसे गंभीर मुद्दों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 10 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान का हिस्सा है। आयोजन दो स्थानों—मंत्रणा कक्ष और आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 54, हलसी—में किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) सह नोडल पदाधिकारी मिशन शक्ति, श्रीमती बंदना पांडेय ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में महिलाएं और पुरुष दोनों ही अपनी सेहत की ओर ध्यान नहीं दे पाते। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य है कि लोग स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हों और सही खानपान व संतुलित दिनचर्या को अपनाएं।
बंदना पांडेय ने बताया कि आयरन की कमी महिलाओं में अधिक देखने को मिलती है, जिससे एनीमिया का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने समझाया कि आयरन युक्त आहार लेने से शरीर में खून की मात्रा बनी रहती है, ऊर्जा स्तर बेहतर रहता है और थकान, चिड़चिड़ापन व शरीर का पीला पड़ना जैसे लक्षणों से बचा जा सकता है। उन्होंने महिलाओं को हरी पत्तेदार सब्जियों और संतुलित आहार को अपने भोजन में शामिल करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा, “स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है। शरीर में आयरन का स्तर संतुलित रहने से कई बीमारियों से बचाव संभव है।”
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी कुमारी मुक्ता, बाल संरक्षण पदाधिकारी मनोज कुमार, हब के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, एनएनएम जिला समन्वयक कन्हैया कुमार, जिला परियोजना सहायक सौरव कुमार, लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अमित कुमार सहित आंगनबाड़ी सेविकाएं, सहायिकाएं, महिला पर्यवेक्षिकाएं और कई लाभुक महिलाएं उपस्थित रहीं।