विश्व कैंसर दिवस पर ICDS सेविकाओं का उन्मुखीकरण, समय पर जांच कराने की अपील
- Post By Admin on Feb 07 2026
लखीसराय : विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला मंत्रणा कक्ष, लखीसराय में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ICDS विभाग की सेविकाओं का उन्मुखीकरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समय पर जांच के महत्व को रेखांकित करना था।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सेविकाओं को कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों, स्क्रीनिंग प्रक्रिया और सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी। साथ ही यह बताया गया कि प्रारंभिक अवस्था में जांच कराने से गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है और इलाज की संभावना भी काफी बढ़ जाती है।
कार्यक्रम के दौरान सेविकाओं के माध्यम से आम लोगों से यह अपील की गई कि कैंसर से डरने के बजाय समय पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर स्क्रीनिंग कराएं। समय रहते जांच कराने से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है और जीवन को सुरक्षित बनाया जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि ICDS सेविकाएं गांव-गांव जाकर महिलाओं और परिवारों को जागरूक करेंगी, ताकि अधिक से अधिक लोग कैंसर जांच अभियान से जुड़ सकें और समय रहते स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकें।