होली के दौरान ट्रेन में नशाखुरानी गिरोह सक्रिय, बीएसएनएल कर्मी को बनाया शिकार

  • Post By Admin on Feb 28 2026
होली के दौरान ट्रेन में नशाखुरानी गिरोह सक्रिय, बीएसएनएल कर्मी को बनाया शिकार

लखीसराय : होली पर्व के मद्देनजर ट्रेनों में नशाखुरानी गिरोह की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है। ताजा मामले में हावड़ा–गया एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहे एक बीएसएनएल कर्मी को नशीला पदार्थ खिलाकर लूट का शिकार बना लिया गया। पीड़ित की हालत गंभीर होने पर रेल पुलिस ने उन्हें किऊल रेलवे स्टेशन पर उतारकर अस्पताल में भर्ती कराया।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पहचान भागलपुर जिला के पीएनटी कॉलोनी निवासी स्व. किशुन ठाकुर के 50 वर्षीय पुत्र सत्येंद्र नाथ ठाकुर के रूप में हुई है। वे हावड़ा से किऊल की ओर यात्रा कर रहे थे। यात्रा के दौरान सहयात्री बनकर बैठे एक बदमाश ने उन्हें नशीला पदार्थ खिला दिया। कुछ ही देर में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और वे अचेत हो गए।

सूचना मिलते ही रेल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें किऊल रेलवे स्टेशन पर उतारा और गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक रहने पर बेहतर इलाज के लिए उन्हें पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया।

इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. राज अभय ने बताया कि नशीले पदार्थ के ओवरडोज के कारण पीड़ित की स्थिति काफी गंभीर थी।

घटना के बाद रेल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। होली के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल पुलिस द्वारा सर्चिंग अभियान तेज कर दिया गया है और यात्रियों के बीच जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे अजनबियों से खाने-पीने की वस्तु स्वीकार न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेल पुलिस को दें।