संक्रमण रोकथाम पर फोकस: लखीसराय में इंटीग्रेटेड हेल्थ कैंप में HIV व टीबी जांच

  • Post By Admin on Feb 28 2026
संक्रमण रोकथाम पर फोकस: लखीसराय में इंटीग्रेटेड हेल्थ कैंप में HIV व टीबी जांच

लखीसराय : स्वास्थ्य विभाग, बिहार के निर्देशानुसार HIV/AIDS से बचाव एवं नियंत्रण को सशक्त बनाने के उद्देश्य से राज्यव्यापी 95:95:99 अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 24 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक विशेष जागरूकता कार्यक्रमों और स्वास्थ्य सेवाओं का आयोजन किया जा रहा है।

अभियान का उद्देश्य आम लोगों में HIV/AIDS के प्रति सही जानकारी पहुंचाना, भ्रांतियों को दूर करना तथा समय पर जांच व उपचार के लिए प्रेरित करना है। साथ ही होली पर्व के अवसर पर गृह जिला लौटने वाले प्रवासी लोगों के बीच भी जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि संक्रमण की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।

इसी क्रम में 28 फरवरी को लखीसराय जिले के बड़हिया प्रखंड अंतर्गत जानपुर गांव (पंचायत – एजेनि घाट) में दूसरा इंटीग्रेटेड हेल्थ कैंप आयोजित किया गया। कैंप में HIV, सिफलिस, टीबी, ब्लड शुगर, कैंसर और हाइपरटेंशन सहित विभिन्न बीमारियों की जांच की गई तथा आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया।

कैंप में कुल 213 लोगों की जांच की गई। जांच के दौरान एक व्यक्ति HIV संक्रमित पाया गया, तीन लोग सिफलिस से संक्रमित मिले तथा 21 संभावित टीबी रोगियों की पहचान की गई। सभी चिन्हित मरीजों को आगे के समुचित उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बड़हिया में रेफर किया गया।

कैंप के सफल आयोजन में जिला एड्स बचाव एवं नियंत्रण इकाई, लखीसराय की टीम तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला पर्यवेक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार लाल, जिला सहायक (एम एंड ई) दिनेश कुमार, आईसीटीसी केंद्र सदर अस्पताल लखीसराय के परामर्शी अखिलेश कुमार सिंह, सीएचसी बड़हिया के प्रयोगशाला प्रावैधिक आशीष आनंद, सीएचओ सौम्या प्रगति, एएनएम प्रीति भारती तथा आशा कार्यकर्ता सहित अन्य कर्मियों ने सक्रिय सहयोग दिया।

स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि HIV/AIDS एवं अन्य बीमारियों की समय पर जांच कराएं, सुरक्षित व्यवहार अपनाएं और किसी भी प्रकार की शंका होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। यह पहल राज्य सरकार के 95:95:99 लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।