एलएनटी कॉलेज में विश्व लंग्स कैंसर दिवस पर जागरूकता सेमिनार, विशेषज्ञ बताएंगे बचाव के उपाय

  • Post By Admin on Jul 31 2026
एलएनटी कॉलेज में विश्व लंग्स कैंसर दिवस पर जागरूकता सेमिनार, विशेषज्ञ बताएंगे बचाव के उपाय

मुजफ्फरपुर : ललित नारायण तिरहुत महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर में 1 अगस्त 2026 को विश्व लंग्स कैंसर दिवस के अवसर पर कैंसर जागरूकता एवं उससे बचाव विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग के तत्वावधान में किया जा रहा है।

सेमिनार के आयोजक डॉ. विपिन कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और आम लोगों के बीच फेफड़ों के कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा इसके कारणों, लक्षणों, रोकथाम और समय पर उपचार की जानकारी उपलब्ध कराना है।उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, मुजफ्फरपुर के सहायक प्राध्यापक डॉ. निशांत कुमार शामिल होंगे। वे फेफड़ों के कैंसर से संबंधित आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों, जोखिम कारकों और बचाव के उपायों पर विस्तृत व्याख्यान देंगे।

सेमिनार की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. ममता रानी करेंगी। कार्यक्रम में कॉलेज के सभी शिक्षक, शोधार्थी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की भागीदारी रहने की संभावना है। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम स्वास्थ्य संबंधी गंभीर बीमारियों के प्रति समाज में सतर्कता बढ़ाने और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।