योग दिवस पर डीएवी में विभिन्न कार्यक्रम, योग को दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प
- Post By Admin on Jun 21 2024

लखीसराय : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर डीएवी में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बच्चों ने इस अवसर पर योगाभ्यास, कला प्रतियोगिता एवं भाषण प्रतियोगिता में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया एवं योग के प्रति समाज को जागरूक करने के लिए संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य डॉ. निरंजन कुमार, शिक्षक निहार रंजन नायक, राजनंदनी शर्मा, समीर कुमार पाठक द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत बच्चों ने योग साधना में भाग लिया। योग शिक्षिका राजनंदनी शर्मा एवं शिक्षक विकास दुबे द्वारा उपस्थित बच्चों एवं शिक्षकों को योग कराया गया। जिसमें सूर्य नमस्कार, प्राणायाम, ताड़ासन, वृक्षासन आदि शामिल रहा। इसके प्रयोग से होने वाले लाभों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
मौके पर योग दिवस से संबंधित चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित हुई। जिसमें प्रथम स्थान खुशी प्रिया, द्वितीय आराध्या, तृतीय स्थान खुशी कुमारी एवं मनीषा हांसदा ने सामूहिक रूप से प्राप्त किया। "स्वयं एवं समाज के लिए योग" विषय पर हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा में भाषण प्रतियोगिता में हिंदी में यशवंत राज को प्रथम, अदिति रानी को द्वितीय एवं कावेरी सिंह तथा ओम जी श्रेष्ठ को सामूहिक रूप से तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। अंग्रेजी भाषा में केशव को प्रथम, नव्या सिंह एवं खुशी कुमारी को द्वितीय एवं लावण्य ज्ञान को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. निरंजन कुमार द्वारा सभी विजेता बच्चों को प्रमाण पत्र एवं मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ निरंजन कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि निरोग रहने का सबसे सहज माध्यम योग है। स्वस्थ जीवन जीने के लिए आज के समय में योग को हमें नियमित दिनचर्या में शामिल करने की आवश्यकता है। इसके प्रयोग से हमारा सर्वांगीण विकास होता है। प्राचार्य ने इस अवसर पर योग को दिनचर्या में शामिल करने का सभी को संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से निहार रंजन नायक, संतोष रावत, मलय क्रांति कर्मकार, समीर कुमार पाठक, दीपक वर्मा, शंभू साहनी एवं अवनीश सिंह की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।