डीएवी पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, सुरक्षा जागरूकता पर भी हुई चर्चा

  • Post By Admin on Aug 24 2024
डीएवी पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, सुरक्षा जागरूकता पर भी हुई चर्चा

लखीसराय : शहर के विद्यापीठ चौक स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में शनिवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर एलकेजी से वर्ग द्वितीय तक के करीब 50 नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपने आकर्षक प्रदर्शन से माहौल को जीवंत कर दिया। 

कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा "यशोमती मैया से पूछे नंदलाला" गीत पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुति से हुई, जिसने सभी का दिल जीत लिया। इसके बाद "अलबेला नंद के लाल ओ कृष्णा" गीत पर बच्चों ने अपनी आवाज से विद्यालय के वातावरण को भक्तिमय कर दिया। कृष्ण और राधा-गोपियों की सुंदर झांकी ने भी दर्शकों से खूब प्रशंसा बटोरी।

इस मौके पर प्राचार्य डॉ. निरंजन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी भारत भर में मनाया जाने वाला एक महत्वपूर्ण पर्व है, जिसे भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाता है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेते हुए बच्चों को सत्य के मार्ग पर चलने और कर्म करते रहने की शिक्षा दी, बिना फल की चिंता किए।

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में वर्ग सप्तम एवं अष्टम की छात्राओं के लिए सुरक्षा संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस सत्र में महिला शिक्षकों ने छात्राओं को विविध समस्याओं के समाधान के लिए उपयोगी टिप्स दिए और उन्हें आज के समाज में सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। 

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य महोदय ने छात्र-छात्राओं के उत्साहवर्धन के लिए पुरस्कार वितरित किए और मिठाइयां भी बांटी। इस आयोजन ने न सिर्फ बच्चों में आध्यात्मिकता का संचार किया बल्कि उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया।