यूजी सेमेस्टर-1 रिजल्ट में गड़बड़ी पर बवाल, एबीवीपी ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

  • Post By Admin on Apr 22 2026
यूजी सेमेस्टर-1 रिजल्ट में गड़बड़ी पर बवाल, एबीवीपी ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

लखीसराय : मुंगेर विश्वविद्यालय के यूजी सेमेस्टर-1 के हालिया परीक्षा परिणाम में हजारों विद्यार्थियों को अनुपस्थित दिखाए जाने के विरोध में जिले में छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), लखीसराय इकाई के नेतृत्व में छात्रों ने बीच सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों और परिषद कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कुलपति का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि परीक्षा में शामिल होने के बावजूद हजारों विद्यार्थियों को अनुपस्थित घोषित किया गया, जो विश्वविद्यालय की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

एबीवीपी के जिला संयोजक मनीष यदुवंशी ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन तत्काल सभी प्रभावित छात्रों के परिणामों में सुधार करे और दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए और सभी ने एकजुट होकर विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करने की मांग की। इस दौरान सपना कुमारी, जुली कुमारी, आरती, रोहित, रोनित, प्रयांशु, अभिषेक, अजीत जोगी, पायल सहित हजारों विद्यार्थी मौजूद रहे। एबीवीपी लखीसराय इकाई ने इस मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है।