ट्रंप ने बढ़ाया युद्धविराम, ईरान के खिलाफ सैन्य नाकेबंदी जारी

  • Post By Admin on Apr 22 2026
ट्रंप ने बढ़ाया युद्धविराम, ईरान के खिलाफ सैन्य नाकेबंदी जारी

वाशिंगटन : अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्धविराम की अवधि बढ़ाने का फैसला किया है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया है कि ईरान के खिलाफ सैन्य नाकेबंदी जारी रहेगी।

ट्रंप ने कहा कि यह निर्णय पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के अनुरोध पर लिया गया है। दोनों नेताओं ने अमेरिका से सैन्य कार्रवाई टालने और बातचीत को मौका देने की अपील की थी। इसके बाद अमेरिका ने हमले को फिलहाल स्थगित कर दिया है, ताकि कूटनीतिक समाधान की दिशा में प्रयास किए जा सकें।

राष्ट्रपति ट्रंप के अनुसार, अमेरिकी सेना को पूरी तरह सतर्क रहने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि युद्धविराम तब तक जारी रहेगा, जब तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच जाती।

वहीं, अमेरिका ने ईरान के खिलाफ नाकेबंदी विशेष रूप से होरमुज जलडमरूमध्य के आसपास जारी रखी है, जिससे क्षेत्रीय व्यापार पर असर पड़ा है और तनाव बना हुआ है। हाल ही में एक ईरानी मालवाहक जहाज को जब्त किए जाने के बाद स्थिति और संवेदनशील हो गई है। ईरान ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

इस बीच, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ट्रंप के फैसले का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि प्रस्तावित बातचीत के जरिए स्थायी शांति का रास्ता निकलेगा। हालांकि, ईरान की ओर से इस पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

गौरतलब है कि इससे पहले 8 अप्रैल को अमेरिका ने दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा की थी, जिसकी अवधि 22 अप्रैल को समाप्त होने वाली थी। अब इसे आगे बढ़ा दिया गया है, लेकिन स्थिति अभी भी संवेदनशील बनी हुई है।