एलएनटी कॉलेज में विज्ञान संकाय का इंडक्शन प्रोग्राम, नई शिक्षा नीति और CBCS से रूबरू हुए छात्र
- Post By Admin on Aug 05 2026
मुजफ्फरपुर : ललित नारायण तिरहुत महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के नवनामांकित विद्यार्थियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए विज्ञान संकाय द्वारा बुधवार को इंडक्शन प्रोग्राम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गणित, भौतिकी, रसायन, वनस्पति विज्ञान एवं जंतु विज्ञान विभाग के अध्यक्षों सहित महाविद्यालय के कई प्राध्यापक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. ममता रानी ने की। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन का पालन करने, महाविद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने, प्रत्येक विषय में न्यूनतम 75 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा निर्धारित ड्रेस कोड में नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने NCC, NSS, सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए मोबाइल फोन के सीमित एवं सार्थक उपयोग के महत्व पर भी बल दिया।
विज्ञान संकाय के सभी विभागाध्यक्षों ने अपने-अपने विषयों का परिचय देते हुए विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, अध्ययन पद्धति तथा भविष्य की संभावनाओं की जानकारी दी। वक्ताओं ने सैद्धांतिक अध्ययन के साथ-साथ प्रयोगशाला आधारित शिक्षा और प्रायोगिक कार्य को समान रूप से महत्वपूर्ण बताया। रसायन विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय परिसर, विभिन्न प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय तथा उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं से अवगत कराया।
गणित विभागाध्यक्ष डॉ. योगेश कुमार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) और चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम (CBCS) पर पावरपॉइंट प्रस्तुति एवं व्याख्यान दिया। उन्होंने छात्र-केंद्रित शिक्षा, कौशल विकास, बहुविषयक अध्ययन और गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा की अवधारणा को विस्तार से समझाया। साथ ही CBCS के अंतर्गत कोर कोर्स, इलेक्टिव, एबिलिटी एन्हांसमेंट कोर्स (AEC), स्किल एन्हांसमेंट कोर्स (SEC), क्रेडिट प्रणाली और ग्रेडिंग व्यवस्था की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों के समग्र विकास, नवाचार, कौशल संवर्धन और रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार ने आंतरिक एवं बाह्य परीक्षा प्रणाली, मूल्यांकन प्रक्रिया तथा चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के अंतर्गत उपलब्ध उच्च शिक्षा एवं शोध के अवसरों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. विपिन कुमार ने महाविद्यालय में आयोजित होने वाले विभिन्न शैक्षणिक सेमिनारों एवं अकादमिक गतिविधियों की जानकारी साझा की। इस अवसर पर NCC पदाधिकारी डॉ. जितेंद्र मिश्रा, NSS पदाधिकारी डॉ. संतोष कुमार, राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. अर्चना सिंह, BCA विभाग से डॉ. प्रमोद कुमार, श्रीमती जया झा, वर्तिका तिवारी, श्री सुल्तान अली तथा वालंटियर के रूप में ऋषभ कुमार, आस्था राज, अंशु कुमार और चंदन कुमार उपस्थित रहे।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, अनुशासन, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा उपलब्ध अवसरों से परिचित कराना था। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए इसे अपने शैक्षणिक जीवन के लिए प्रेरणादायक एवं लाभकारी बताया।