लखीसराय में सुपरवाइजरी कमिटी की बैठक, अधिक से अधिक मामलों के मध्यस्थता से निपटारे पर जोर
- Post By Admin on Aug 05 2026
लखीसराय: व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित परिवार न्यायालय में बुधवार को माननीय प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय-सह-अध्यक्ष, सुपरवाइजरी कमिटी श्री पवन कुमार झा की अध्यक्षता में सुपरवाइजरी कमिटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में न्यायालयों में लंबित मामलों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निपटारे के लिए मध्यस्थता प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश पंचम श्री राजन कुमार, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्री आशीष कुमार अग्निहोत्री, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव श्री विधानंद सागर, जिला लोक अभियोजक कुमारी बबीता, जिला सरकारी अधिवक्ता श्री निवास सिंह, जिला विधिज्ञ संघ के अध्यक्ष श्री सुबोध कुमार, सचिव श्री रमेश कुमार त्रिपाठी, प्रशिक्षित मध्यस्थ श्री हसनाथ अहमद खां तथा प्रभारी प्रशासन, व्यवहार न्यायालय श्री निवास शर्मा सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी एवं अधिवक्ता उपस्थित रहे।
बैठक में अधिक से अधिक वादों को मध्यस्थता के लिए चिन्हित करने तथा प्रशिक्षित मध्यस्थों को मामलों में सक्रिय रुचि लेकर मध्यस्थता प्रक्रिया को सफल बनाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि मध्यस्थता के लाभों के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पक्षकार इस वैकल्पिक विवाद समाधान प्रणाली का लाभ उठा सकें। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने न्यायालयों में लंबित मामलों के शीघ्र और सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए मध्यस्थता को प्रभावी माध्यम बताते हुए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार और सफल क्रियान्वयन के लिए सामूहिक प्रयास करने पर सहमति व्यक्त की।