RDS कॉलेज में फ्रेशर्स का भव्य स्वागत, पूर्व IRPS अधिकारी उज्जवल आनंद ने दिए सफलता के मंत्र
- Post By Admin on Aug 03 2026
मुजफ्फरपुर : रामदयालु सिंह महाविद्यालय में सत्र 2026-30 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित उन्मुखीकरण सह फ्रेशर्स स्वागत कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय रेलवे के वरिष्ठ पदाधिकारी (आईआरपीएस) उज्जवल आनंद ने छात्रों को सफलता के मूल मंत्र बताए। उन्होंने कहा कि जीवन में सकारात्मक सोच, स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर कड़ी मेहनत ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। कॉलेज जीवन भविष्य की मजबूत नींव रखने का महत्वपूर्ण समय होता है, इसलिए विद्यार्थियों को अपने व्यक्तित्व और कौशल विकास पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
मुख्य वक्ता उज्जवल आनंद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि लक्ष्य निर्धारण, जिम्मेदारी का निर्वहन, आत्मविश्वास, सकारात्मक दृष्टिकोण, निडरता, ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और सामुदायिक भावना जैसे गुण जीवन में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि सच्ची लगन और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विद्यार्थियों को सफलता के विभिन्न आयामों और व्यक्तित्व विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। अंत में उन्होंने सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार ने कहा कि कॉलेज छात्रों के सपनों को नई दिशा और उड़ान देने का केंद्र है। छात्र ही समाज और राष्ट्र के भविष्य निर्माता हैं तथा उनकी ऊर्जा, ज्ञान और सकारात्मक सोच देश के विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महाविद्यालय के शिक्षक, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), एनसीसी, खेलकूद एवं सांस्कृतिक समितियां पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगी।
प्राचार्य ने विद्यार्थियों से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने, अनुशासन बनाए रखने तथा शैक्षणिक ईमानदारी का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि छात्रों की जिम्मेदारी और समर्पण संस्थान की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागाध्यक्षों, एनएसएस, एनसीसी, खेलकूद एवं अन्य समितियों के समन्वयकों ने भी विद्यार्थियों को महाविद्यालय की गतिविधियों, नियमावली और उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी तथा उन्हें प्रेरित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ छात्रों ने नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत में केक काटकर उत्साहपूर्ण माहौल बनाया।
कार्यक्रम में डॉ. नीलिमा झा, डॉ. रमेश कुमार गुप्ता, डॉ. एम.एन. रजवी, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. जयदीप घोष, डॉ. आलोक त्रिपाठी, डॉ. अनुराधा पाठक, डॉ. सौरभ राज, डॉ. रजनीकांत पांडेय, डॉ. प्रियंका दीक्षित, डॉ. आयशा जमाल, डॉ. आरती कुमारी, डॉ. हसन रजा, डॉ. भगवान कुमार, डॉ. अर्पणा कुमारी, डॉ. सुमन लता, डॉ. आरती मित्रा, डॉ. स्नेह लता, डॉ. कृतिका वर्मा, डॉ. आशुतोष मिश्रा, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. श्रुति मिश्रा, डॉ. दीपक कुमार और डॉ. ललित किशोर सहित कई शिक्षकों ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रियंका दीक्षित ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रजनीकांत पांडेय ने प्रस्तुत किया।